राजधानी में गोलियों की तड़तड़ाहट में मऊ के प्रमुख प्रतिनिधि की हत्या

लखनऊ। बेखौफ अपराधी। लचर पुलिसिंग। गैंगवार। गोलियों की तड़तड़ाहट की गूंज। यह स्थिति है प्रदेश की राजधानी के विभूति खण्ड पॉश इलाके की। लखनऊ में पुलिस कमिश्नर पद्धति के बावजूद यह हालात हैं। प्रदेश की राजधानी में पॉश इलाके में बीती रात गैंगवार हो गया। ताबड़तोड़ चली 25 -30 गोलियों के बीच बाहुबली विधायक मुख्तार अंसारी का करीबी जिला बदर बदमाश व प्रमुख प्रतिनिधि अजित सिंह की हत्या कर दी गई। वह आजमगढ़ के पूर्व विधायक सीपू सिंह हत्‍याकांड के गवाह था। चार दिन बाद विधायक हत्‍याकांड में इसकी गवाही होनी थी। मृतक अजीत सिंह मऊ जिले के गोहना मोहम्‍मदाबाद ब्‍लॉक प्रमुख का प्रतिनिधि भी था। गोलीबार में अजीत का साथी मोहर सिंह और वहां से गुजर रहे ग्‍वारी गांव निवासी डिलिवरी ब्‍वॉय प्रकाश को गोली लगी, जिन्‍हें लोहिया अस्‍पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक अजीत पर करीब 18 मुकदमे दर्ज हैं। उसे हाल ही में मऊ से जिलाबदर किया गया था। वह लखनऊ में रह रहा था।


घटना बुधवार की रात लगभग 9 बजे की है। विभूतिखंड में कठौता पुलिस चौकी के सामने कठौता चौराहे के पास यह घटना घटी। यहां काली स्कॉर्पियो गाड़ी से अजीत सिंह अपने साथी मोहर सिंह के साथ पहुंचा था। दोनों गाड़ी से उतरकर थोड़ी दूर चले ही थे कि दो बदमाशों ने ताबड़तोड़ उनपर गोलियां बरसानी शुरू कर दी। जवाब में अजीत ने भी फायरिंग की। इस दौरान अजीत के सिर में गोली लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। मोहर सिंह और प्रकाश के पैर में गोली लगी और दोनों लहूलुहान होकर जमीन पर गिर गए। अजीत पर हत्या के पांच मुकदमे दर्ज हैं। अजीत के खिलाफ मऊ पुलिस ने 30 दिसंबर को जिलाबदर की कार्रवाई कराई थी। वह यहां गोमतीनगर विस्तार स्थित एक अपार्टमेंट में रह रहा था। अजीत सिंह की पत्नी रानू सिंह ब्लॉक प्रमुख रही हैं। 19 जुलाई 2013 को बसपा विधायक सर्वेश कुमार सिंह सीपू की हत्या उनके जीयनपुर आवास के सामने कर दी गयी थी। उनके करीबी भरत राय की भी फायरिंग में मौत हो गई थी। इस मामले में जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के छपरा गांव निवासी कुख्यात अपराधी व पूर्व प्रमुख ध्रुव कुमार सिंह उर्फ कुंटू सहित 13 लोगों के खिलाफ जीयनपुर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। जेल में निरुद्ध कुख्यात कुंटू सिंह प्रदेश के टाप-10 अपराधी में शामिल है।

यह भी देखें  अपराध: शौच करने गए अधेड़ की गोली मारकर हत्या

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!