कुशीनगर के पटहेरवा क्षेत्र में दुर्घटनाग्रस्त बस और मौके पर राहत-बचाव कार्य में जुटी पुलिस।
कुशीनगर। दिल्ली से बिहार जा रही यात्रियों से भरी एक लग्जरी बस शनिवार की सुबह कुशीनगर में भीषण सड़क हादसे का शिकार हो गई। पटहेरवा थाना क्षेत्र के लबनिया चौराहे के पास ओवरटेक करने के दौरान बस की सामने से आ रहे ट्रक से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में एक चार वर्षीय बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 यात्री घायल हो गए। घायलों में गंभीर स्थिति वाले यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, बस दिल्ली के आनंद विहार से यात्रियों को लेकर बिहार के मुजफ्फरपुर जा रही थी। शनिवार सुबह करीब 5:45 बजे बस पटहेरवा थाना क्षेत्र के डुम्मरभार गांव के समीप लबनिया चौराहे के पास पहुंची। इसी दौरान दूसरे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में बस सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई।
मौके पर पहुंची पुलिस, बस से निकाले गए यात्री
हादसे की सूचना मिलते ही पटहेरवा थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस के जरिए घायलों को तमकुहीराज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र और कुशीनगर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में एक चार वर्षीय बच्ची नंदनी और दो पुरुष शामिल हैं। दोनों पुरुषों की पहचान तत्काल नहीं हो सकी थी।
10 यात्री घायल, गंभीर घायलों को गोरखपुर भेजा गया
हादसे में करीब 10 यात्री घायल हुए हैं। घायलों में नेपाल और बिहार के रहने वाले यात्री भी शामिल हैं। कुछ यात्रियों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल दो यात्रियों को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर स्थित बीआरडी मेडिकल कॉलेज रेफर किए जाने की जानकारी सामने आई है। अन्य घायलों का स्थानीय अस्पतालों में उपचार किया गया।
एक घंटे तक प्रभावित रहा हाईवे पर आवागमन
दुर्घटना के बाद हाईवे की एक लेन पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस और ट्रक को सड़क से हटवाया, जिसके बाद आवागमन सामान्य हो सका।
पुलिस ने शुरू की जांच
एएसपी सिद्धार्थ वर्मा के अनुसार, हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। मृतकों में दो पुरुषों की पहचान और उनके परिजनों तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक की तलाश भी की जा रही है।
