देवरिया की सड़कों और बाईपास निर्माण पर डीएम सख्त, अधिकारियों को दिया अल्टीमेटम
राम-जानकी मार्ग, देवरिया बाईपास सहित प्रमुख मार्गों की प्रगति की समीक्षा, अगली बैठक से पहले अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करने के दिए निर्देश
देवरिया। जिले में निर्माणाधीन सड़कों और बाईपास परियोजनाओं की धीमी रफ्तार को लेकर जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए हैं। गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए और तय समय-सीमा के भीतर काम पूरा कराया जाए। लापरवाही और गुणवत्ता से समझौता किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
बैठक में राम-जानकी मार्ग, देवरिया बाईपास, तमकुहीराज-मझौलीराज-नवलपुर-सिकंदरपुर मार्ग और सलेमपुर बाईपास समेत जिले की प्रमुख सड़क परियोजनाओं की प्रगति पर चर्चा हुई। डीएम ने संबंधित अधिकारियों से एक-एक परियोजना की अद्यतन स्थिति जानी और निर्माण कार्यों में आ रही बाधाओं को दूर करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि भूमि संबंधी विवाद, विभागीय समन्वय की कमी या अन्य समस्याओं के कारण विकास कार्य बाधित नहीं होने चाहिए। सभी विभाग आपसी तालमेल बनाकर काम करें और अगली समीक्षा बैठक से पहले अपेक्षित प्रगति हर हाल में सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, गुणवत्ता मानकों का पालन कराने और प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में सीडीओ राजेश कुमार सिंह, एडीएम वित्त एवं राजस्व पंकज प्रकाश राठौर सहित एनएच, पीडब्ल्यूडी, ग्रामीण अभियंत्रण विभाग और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
