पुलिस लाइन देवरिया में दिवंगत आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव को शोक सलामी देकर श्रद्धांजलि देते पुलिस अधीक्षक एवं पुलिसकर्मी।
देवरिया। पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में गुरुवार की रात साथी पुलिसकर्मियों के साथ भोजन कर रहे एक जवान की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पेट में तेज दर्द होने के बाद उन्हें तत्काल महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। 27 वर्षीय आरक्षी की असमय मौत से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई। शुक्रवार को पुलिस लाइन स्थित शहीद स्मारक पर शोक सलामी के साथ उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।

मृतक की पहचान गोंडा जिले के मुजेहना थाना क्षेत्र के निवासी आदित्य राम श्रीवास्तव (27) पुत्र स्वर्गीय राजकुमार श्रीवास्तव के रूप में हुई। वह 11 अक्टूबर 2020 को उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी पद पर भर्ती हुए थे। वर्तमान में उनकी तैनाती पुलिस कार्यालय देवरिया स्थित क्षेत्राधिकारी कार्यालय में थी।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार रात करीब आठ बजे आदित्य राम श्रीवास्तव पुलिस लाइन स्थित ट्रांजिट हॉस्टल में अन्य पुलिसकर्मियों के साथ भोजन कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनके पेट में तेज दर्द होने लगा और देखते ही देखते उनकी हालत बिगड़ गई। साथ मौजूद पुलिसकर्मियों ने तत्काल उन्हें मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, लेकिन चिकित्सक उन्हें बचा नहीं सके।
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस अधिकारी भी मेडिकल कॉलेज पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। जवान की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। अविवाहित आदित्य के असमय चले जाने से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
पुलिस लाइन में दी गई शोक सलामी, एसपी ने पार्थिव शरीर पर अर्पित की श्रद्धांजलि
दिवंगत आरक्षी के सम्मान में शुक्रवार को पुलिस लाइन देवरिया स्थित शहीद स्मारक पर श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक देवरिया ने पार्थिव शरीर को शोक सलामी देकर पुष्प अर्पित किए और भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी अपने साथी को नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
श्रद्धांजलि सभा के बाद पुलिस अधीक्षक ने दिवंगत आरक्षी के शोकाकुल परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने परिवार को ढांढस बंधाते हुए इस कठिन समय में अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की।
इस अवसर पर क्षेत्राधिकारी यातायात सत्येन्द्र राय, क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी, प्रतिसार निरीक्षक प्रवीण सिंह समेत पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने दिवंगत जवान को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की।
देवरिया पुलिस परिवार ने आरक्षी आदित्य राम श्रीवास्तव के असामयिक निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उनकी आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को इस अपार दुख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।
