कुशीनगर। मोबाइल फोन पर बात करने को लेकर पिता की डांट से नाराज दो नाबालिग बहनें अपनी मां को कमरे में बंद कर घर से चली गईं। सुबह जब मां की नींद खुली तो कमरे के दरवाजे पर बाहर से ताला लगा हुआ था और दोनों बेटियां घर से गायब थीं। परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। घटना के दो दिन बाद मां की शिकायत पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों की तलाश शुरू कर दी है।
मामला पटहेरवा थाना क्षेत्र के एक गांव का है। पुलिस को दी गई शिकायत में महिला ने बताया कि उनकी 15 और 14 वर्ष की दो बेटियां चार नवंबर की शाम मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रही थीं। इसी दौरान उनके पिता ने मोबाइल पर बात करने से मना किया और दोनों को डांट लगाई। इसके बाद बेटियों ने फोन पर बातचीत बंद कर दी।
सुबह खुली नींद तो कमरे के बाहर मिला ताला
महिला के मुताबिक, रात में दोनों बेटियां उनके साथ ही कमरे में सो रही थीं। सुबह जब उनकी नींद खुली तो कमरे का दरवाजा बाहर से बंद था। दरवाजे पर ताला लगा हुआ था और दोनों बेटियां वहां मौजूद नहीं थीं। इसके बाद परिवार के लोगों ने आसपास और रिश्तेदारी में उनकी तलाश की, लेकिन दोनों का कोई सुराग नहीं मिला।
पुलिस अन्य पहलुओं पर भी कर रही जांच
घटना के संबंध में दो दिन बाद गुरुवार को मां ने थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर दोनों नाबालिगों की तलाश शुरू कर दी है।
थानाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने बताया कि परिजनों के अनुसार दोनों बेटियां कमरे में बाहर से ताला लगाकर कहीं चली गई हैं। पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए अन्य संभावित पहलुओं पर भी जांच कर रही है। दोनों की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
