श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी को श्रद्धांजलि देने आज बरपार आएंगे योगी, प्रशासन अलर्ट
देवरिया। पूर्व सांसद एवं लेफ्टिनेंट जनरल श्रीप्रकाश मणि त्रिपाठी के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज बैतालपुर विकासखंड के बरपार गांव पहुंचेंगे। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। गांव में सुरक्षा व्यवस्था से लेकर कार्यक्रम की तैयारियों तक तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री के आगमन की तैयारियों का जायजा लेने रविवार शाम जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी, पुलिस अधीक्षक अभिजीत आर. शंकर और अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय बरपार पहुंचे। अधिकारियों ने पूर्व सांसद के पैतृक आवास और प्रस्तावित कार्यक्रम स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान सुरक्षा व्यवस्था, पुलिस बल की तैनाती और अन्य जरूरी इंतजामों की समीक्षा की गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सतर्क
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, मुख्यमंत्री के दोपहर बाद बरपार पहुंचने की संभावना है। उनके दौरे को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल की मांग की गई है। सुरक्षा ड्यूटी में लगाए जाने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारियां सौंपने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
प्रशासनिक अधिकारी लगातार तैयारियों की निगरानी कर रहे हैं। रविवार देर रात तक गांव में अधिकारियों की आवाजाही जारी रही। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक सक्रियता बढ़ गई है।
