दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में पांच घायल, गोरखपुर ले जाते समय युवक की मौत
देवरिया। सुरौली थाना क्षेत्र के सरौरा चौराहे के पास कुर्ना नाले के पुल पर शुक्रवार देर शाम दो बाइकों की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में पांच युवक घायल हो गए। सभी को मेडिकल कॉलेज देवरिया पहुंचाया गया, जहां तीन युवकों की गंभीर हालत देखते हुए उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में एक युवक ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, सरौरा निवासी छोटू राजभर का 22 वर्षीय पुत्र रंजीत राजभर गांव के अंकित राजभर (18) और करन चौहान (20) के साथ मूर्ति लाने के लिए घर से निकला था। इसी दौरान तिवईं निवासी अशोक गौड़ के पुत्र प्रिंस और पीयूष देवरिया से कपड़ों की खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे।
देवरिया-रुद्रपुर मार्ग पर सरौरा चौराहे के समीप कुर्ना नाले के पुल पर दोनों बाइकों की आमने-सामने टक्कर हो गई। दुर्घटना में पांचों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से सभी को मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
चिकित्सकों ने रंजीत और दोनों भाइयों प्रिंस व पीयूष की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। हालांकि, रास्ते में रंजीत की मौत हो गई। वहीं, प्रिंस और पीयूष का बीआरडी मेडिकल कॉलेज में उपचार चल रहा है। अंकित और करन का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में जारी है।
युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। मां उषा और दोनों बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। रंजीत दो भाइयों में छोटा था। उसके पिता छोटू राजभर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
