आग की लपटों में उजड़ गई गरीब परिवार की गृहस्थी, बकरी और उसके तीन बच्चों की जिंदा जलकर मौत
झोपड़ी में रखा राशन, कपड़े और सात हजार रुपये नकदी भी राख; पीड़ित परिवार के सामने रोजी-रोटी और रहने का संकट
देवरिया। गांव में रविवार देर शाम अचानक लगी आग ने एक गरीब परिवार की खुशियां छीन लीं। आग की चपेट में आने से रिहायशी झोपड़ी पूरी तरह जलकर राख हो गई। झोपड़ी के अंदर बंधी एक बकरी और उसके तीन बच्चों की जिंदा जलकर मौत हो गई। हादसे में परिवार का राशन, कपड़े, नकदी समेत पूरी गृहस्थी नष्ट हो गई।
जानकारी के अनुसार, कोड़रा ठाकुर गांव निवासी बीरबहादुर राजभर पुत्र स्व. झपसी की झोपड़ी में रविवार देर शाम अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। झोपड़ी से उठती लपटें देखकर परिवार में चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, लेकिन तब तक सब कुछ जलकर खाक हो चुका था।
इस दर्दनाक हादसे में झोपड़ी के भीतर बंधी बकरी और उसके तीन बच्चे बाहर नहीं निकल सके। चारों की आग में झुलसकर मौत हो गई। वहीं, झोपड़ी में रखा अनाज, कपड़े और करीब सात हजार रुपये नकद भी जल गए। अचानक आई इस आपदा से परिवार के सामने रहने और खाने-पीने तक का संकट खड़ा हो गया है।
घटना की सूचना पर पहुंचे हल्का लेखपाल कौशल किशोर शर्मा ने मौके पर पहुंचकर नुकसान का आकलन किया। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता दिलाने की उम्मीद जताई है।
