आधी रात को ट्रक से पहुंचे सीओ,आँखों देखा पुलिस की लूट
देवरिया। यूपी-बिहार के बार्डर पर देवरिया जिले के मेहरौना में बीती आधी रात को जब ट्रक पर बैठकर सलेमपुर के सीओ वरुण मिश्र पहुंचे तो मेहरौना के हाल देख वे दंग रह गए। पुलिस लूट जारी थी। बार्डर पर पीआरडी जवानों व एक पब्लिक मैन को लगाकर वसूली कराई जा रही थी। सीओ जिस ट्रक से गए थे उनसे भी पारगमन के नाम पर 300 रूपये लिए गए। अवैध वसूली के आरोप मे मेंहरौना के चौकी इंचार्ज समेत आठ पुलिस कर्मियों को एसपी ने बुधवार को सस्पेंड कर दिया। वसूली करने वाले एक कांस्टेबल और दो पीआरडी जवानों पर मुकदमा भी दर्ज कराया जाएगा। सीओ की रिपोर्ट पर एसपी ने यह कार्रवाई की। पूरी चौकी निलम्बित होने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। हालांकि चौकी इंचार्ज योगेन्द्र यादव की ड्यूटी 10 बजे तक ही थी और वे अपने आवास लार थाने चले गए थे। सीओ
वरुण मिश्र ट्रक से तो इंस्पेक्टर लार गिरिजेश तिवारी एक प्राइवेट वाहन से बार्डर पहुंचे थे उन्होंने पीआरडी के जवान कोमल प्रसाद व सुनील निगम के अलावा कांस्टेबल सोनू भारती व एक अन्य को वसूली करते हुए पाया। यही नहीं करीब 10 हजार रुपए भी चौकी पर एक बिस्तर के नीचे से बरामद हुए। रुपए किसके हैं इस संबंध में पूछने पर किसी ने कोई जवाब नहीं दिया। सीओ ने मौके की वीडियो रिकार्डिंग कराते हुए पूरी रिपोर्ट एसपी को सौंपी।
एसपी डा. श्रीपति मिश्र ने इसे गंभीरता से लेते हुए चौकी प्रभारी योगेन्द्र यादव, हेडकांस्टेबल आशुतोष कुमार द्विवेदी, कांस्टेबल सुजीत चौधरी, अभय कन्नौजिया, धीरज कुमार तिवारी, सोनू भारती, रितेश मौर्या और आशीष पाण्डेय को तत्काल प्रभाव से निलम्बित कर दिया। इसके साथ ही चौकी पर तैनात पीआरडी जवान कोमल प्रसाद और सुनील निगम और कांस्टेबल सोनू भारती के विरुद्ध लार थाने में मुकदमा दर्ज कराने का निर्देश दिया। एसआई अमित पाण्डेय की तहरीर पर लार थाने में तीनों के विरुद्ध 389 आईपीसी और भष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। सदर कोतवाली की सेंट्रल चौकी पर तैनात रहे प्रमोद कुमार सिंह को मेहरौना का चौकी इंचार्ज बनाया गया है। इसके अलावा पुलिस लाइन से एक हेड कांस्टेबल व 6 कांस्टेबल की वहां तैनाती की गई है।