देवरिया में 1.65 करोड़ का गांजा पकड़ा: एएनटीएफ ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को किया गिरफ्तार
देवरिया। उत्तर प्रदेश में नशे के खिलाफ पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी है। देवरिया जिले के लार थाना क्षेत्र में आज एक बड़ी सफलता हासिल की गई है। एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) गोरखपुर ने दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 328.73 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है। इस गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 1 करोड़ 65 लाख रुपये बताई जा रही है।
यह कार्रवाई 5 फरवरी 2026 को लार थाना क्षेत्र के चोरडीहा स्थित श्री बांके बिहारी बिल्डिंग मैटेरियल के पास की गई। मुखबिर की सूचना पर एएनटीएफ की टीम ने टाटा कंटेनर को रोककर जांच की। कंटेनर में मकई के दानों की बोरियों के बीच बेहद शातिर तरीके से गांजा छिपाया गया था। गांजा असम से लाकर देवरिया में सप्लाई करने की योजना थी।
गिरफ्तार किए गए तस्करों की पहचान अमरजीत मुखिया पुत्र नरेश मुखिया, निवासी पनसीहा, थाना बहादुरपुर, जिला दरभंगा (बिहार) और शैलेश गोड़ पुत्र रामप्रीत, निवासी बेलवा बाजार, थाना महुआडीह, जिला देवरिया के रूप में हुई है। दोनों सक्रिय अंतरराज्यीय तस्कर बताए जा रहे हैं।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने एक टाटा कंटेनर, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और 1,410 रुपये नकद भी बरामद किए हैं। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे देवरिया निवासी एक व्यक्ति के लिए काम कर रहे थे। उसके निर्देश पर असम से गांजा लाकर मकई के बंडलों में छिपाकर देवरिया पहुंचाने जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें रास्ते में ही दबोच लिया।
इस मामले में थाना लार, देवरिया पर मुकदमा संख्या 35/26 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज किया गया है। पुलिस अब तस्करी के पूरे नेटवर्क, मुख्य सप्लायर और स्थानीय लिंक की तलाश में जुट गई है। बरामद मोबाइल फोन की कॉल डिटेल और लोकेशन की जांच भी की जा रही है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था), अपर पुलिस महानिदेशक अपराध और पुलिस महानिरीक्षक एएनटीएफ लखनऊ के मार्गदर्शन में की गई। थाना लार पुलिस और सर्विलांस टीम मुख्यालय लखनऊ ने भी अभियान में पूरा सहयोग दिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में एक बड़ी सफलता है। आने वाले दिनों में इस नेटवर्क से जुड़े अन्य आरोपियों की भी गिरफ्तारी होने की संभावना है।