मस्जिद में बारूद से हुआ था विस्फोट
मौलाना सहित चार गिरफ्तार, कुशीनगर मस्जिद में बारूद से हुआ था विस्फोट
कुशीनगर : कुशीनगर के बैरागी पट्टी स्थित मस्जिद में सोमवार को विस्फोट बारूद से हुआ था। सुरक्षा एजेंसियों की छानबीन में यह बात सामने आई है कि विस्फोट बारूद से हुआ था। इसी के साथ मस्जिद के मौलाना अजमुद्दीन का झूठ पकड़ लिया गया। उसने विस्फोट की वजह इंवर्टर की बैट्री का फटना बताया था, लेकिन सुरक्षा एजेंसियों की पूछताछ में उसने सच्चाई उगल दी। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियों के कान खड़े हो गए हैं। पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने कहा कि मस्जिद में विस्फोट मामले में एसओ तुर्कपटटी की तहरीर पर मौलाना अजमुद्दीन समेत सात के विरूद्ध 5-विस्फोटक अधिनियम, 7 क्रिमिनल एबेडमेंट ला, 295 आइपीसी के तहत मुकदमा दर्ज किया है। जिसमें मौलाना अजमुद्दीन तथा इजहार, आशिक व जावेद निवासी बैरागीपट्टी समेत चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। अन्य आरोपितों की तलाश में पुलिस टीमें लगाईं गईं हैं, शीघ्र ही वे पुलिस गिरफ्त में होंगे। स्थानीय एजेंसियों के अलावे एटीएस गोरखपुर की टीम दिन भर छानबीन में जुटी रही। मौलाना ने सुरक्षा एजेंसियों को बताया कि गांव के ही कुछ युवकों ने मस्जिद में बारूद रखी थी। ऐसे में सुरक्षा एजेंसियां मस्जिद व बारूद का कनेक्शन तलाशने में जुट गईं हैं, ताकि सच्चाई सामने आ सके। मंगलवार को एटीएस गोरखपुर, आइबी व एलआईयू कुशीनगर की टीम ने मस्जिद की बारीक छानबीन की। साथ ही हिरासत में लिए गए मौलाना अजमुद्दीन से सघन पूछताछ की, जहां उसने सिलसिलेवार घटनाक्रम से जुड़े राज उजागर किया। युवकों ने बारूद किस मकसद से और क्यूं रखा, यह बड़ा सवाल है। मस्जिद को पहुंची क्षति को देख सुरक्षा एजेंसियां यह मान रहीं है कि बारूद की मात्रा लगभग एक किलोग्राम या इससे अधिक रही होगी। हालांकि विस्फोट कितना घातक था, इसका पता फारेंसिक रिपोर्ट के बाद ही चलेगा। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां विस्फोट के पीछे कोई बड़ी साजिश तो नहीं आदि के सवालों का जवाब ढूंढ रही हैं। मौलाना तथा चिन्हित युवकों का मोबाइल व बैंक खाता नंबर आदि की जानकारी कर एजेंसियां आवश्यक जांच-पड़ताल कर रहीं हैं। इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया गया है।