गरीब दुकानदार का 5 हजार का पटाखा ले गया लुटेरा सिपाही
देवरिया। जिले के लार कस्बा में एक लुटेरे सिपाही की बड़ी चर्चा है। वह थानेदार का कारखास है। वह जिले के अफसरों के यहाँ भी थाने की तरफ से सेवा पहुंचाता है। पिछले चार माह से उसके आतंक से कस्बा के लोग परेसान हैं। वह सलेमपुर में था तो अपने इन्हीं कारनामों से चर्चित हुआ था और विभागीय कार्रवाई में उस पर गाज गिरी थी। इन दिनों लार कस्बा में उसने लूट मचा दी है। उसने कस्बा के एक गरीब युवक के पांच हजार के पटाखे लूट लिए। पैसे मांगने पर दुकानदार को जेल भेजने की धमकी देता है।
आरोप तो यहाँ तक है कि उक्त सिपाही अल्पसंख्यक वर्ग का है और कस्बा में उसके कई बदनाम अल्पसंख्यक युवकों से सम्बन्ध हैं। वह गो वंश की तस्करी भी कराता है। चौकी की सरकारी बाइक अपने चहेतों को दे देता है जो नवलपुर व सलेमपुर तक उक्त बाइक से फर्राटा भरते हैं। जब उसके कारनामों की जानकारी एसओ विजय सिंह गौर को हुई तो इंस्पेक्टर ने उसे कस्बा में जाने से मना किया और थाने पर रहने का निर्देश दिया लेकिन मनबढ़ सिपाही ने उनकी भी नहीं सुनी। जानकार लोंगो का कहना है कि उसी चौकी पर इंचार्ज वद्री प्रसाद व सिपाही वैभव सिंह दो वर्ष से हैं कभी किसी ने कोई शिकायत नहीं की। इस सिपाही ने चार महीने में चौबीसों ऐसे कृत्य किये जिससे पुलिस की भद पिट रही है।
लाइसेंस लेकर अपनी दुकान सजाये युवक गोलू विश्वकर्मा पर सिपाही ने ज्यादती की है। युवक ने कर्ज लेकर 25 हजार के पटाखा खरीद कर अपनी दुकान सजाया था। लार कस्बा चौकी का सिपाही युवक की दुकान पर पहुंचा। उसने पांच हजार के पटाखे पैक करा लिये। जब पटाखा दुकानदार ने पैसे मांगे तो सिपाही ने कहा पैसे नहीं मिलेंगे। यह सभी पटाखा बड़ी पेसी, छोटी पेसी व अफसरों के यहाँ भेजवाना है। युवक ने सिपाही के पाँव पकड़ लिए। बोला बहुत गरीब आदमी हूँ। कर्ज लेकर दुकान किया हूँ। बर्बाद हो जाऊँगा। सिपाही ने धमकी दी कि अभी जेल भेज दूंगा। युवक ने एसडीएम द्वारा जारी लाइसेंस दिखाकर कहा कि हमने नियम कानून के दुकान लगाई है। सिपाही ने एक न सुनी व पाँच हजार का पटाखा बाँध ले गया। सिपाही के उक्त कृत्य से नगरवासियों में काफी आक्रोश है।
इस सम्बन्ध में सलेमपुर के सीओ वरुण मिश्र ने कहा कि सिपाही पर विभागीय कार्रवाई होगी।