जयपुर में राष्ट्रगान के दौरान शिक्षकों की लापरवाही, क्लासरूम में मोबाइल
जयपुर: राजस्थान की राजधानी जयपुर में सरकारी स्कूलों की स्थिति को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने गुरुवार को कई स्कूलों का औचक निरीक्षण किया, जिसमें चौंकाने वाली अनियमितताएं सामने आईं। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, बनी पार्क में राष्ट्रगान के दौरान शिक्षक इधर-उधर घूमते पाए गए, जबकि कई शिक्षकों के पास क्लासरूम में मोबाइल फोन बरामद हुए। मंत्री ने इन लापरवाहियों पर सख्त नाराजगी जताते हुए जांच के आदेश दिए हैं।
निरीक्षण के दौरान बनी पार्क स्कूल में प्रार्थना सभा के समय राष्ट्रगान शुरू होने पर सभी से सावधान की मुद्रा में खड़े होने की अपेक्षा थी, लेकिन वरिष्ठ शिक्षिका आयशा अजीज और व्याख्याता पुष्प लता पांडे इधर-उधर टहलती नजर आईं। यह दृश्य देखकर शिक्षा मंत्री का गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने तुरंत जिला शिक्षा अधिकारी को इन शिक्षकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। निरीक्षण में यह भी सामने आया कि कई शिक्षक क्लासरूम में मोबाइल फोन का उपयोग कर रहे थे, जो सरकारी नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। इनमें रीना, गोपाल शर्मा (वरिष्ठ अध्यापक गणित), पूनम कुमावत (वरिष्ठ अध्यापक अंग्रेजी), सोनल अग्रवाल, सुनीता शर्मा (वोकेशनल टीचर), पूनम मंगल (व्याख्याता), और अनीता (पीटीआई) शामिल हैं। इसके अलावा, स्कूल में कुल 37 कर्मचारियों में से केवल 7 ही मौके पर उपस्थित मिले। स्कूल की प्रिंसिपल सुनीता मल्होत्रा बिना अनुमति के छुट्टी पर थीं, जिसे मंत्री ने गंभीर लापरवाही माना।
शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने कहा, “शिक्षक राष्ट्र का निर्माता होता है। राष्ट्रगान का अपमान और कक्षा में मोबाइल का उपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।” उन्होंने अधिकारियों को स्कूलों में मोबाइल की सघन जांच शुरू करने और गैरहाजिर शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए। मंत्री ने स्कूल परिसर में गंदगी देखकर भी नाराजगी जताई और तत्काल सुधार के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश में अभियान चलाकर स्कूलों में अनुशासन और स्वच्छता सुनिश्चित की जाएगी। गैरहाजिरी और मोबाइल उपयोग पर सख्ती से निपटा जाएगा।