देवरिया में सनसनीखेज वारदात! कन्हौली के पास कार से युवती का शव फेंककर फरार हुए लोग, हत्या की आशंका

देवरिया। जिले के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर शाम एक सनसनीखेज मामला सामने आया। कन्हौली गांव के पास एक कार सवार लोग करीब 24 वर्षीय युवती का शव सड़क किनारे फेंककर फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। युवती की मौत को लेकर हत्या की आशंका जताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, शनिवार शाम करीब सात बजे कुछ लोग सड़क पर टहल रहे थे। इसी दौरान कन्हौली के पास एक कार आकर रुकी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से युवती को सड़क किनारे फेंका गया और वाहन सवार रामलक्षन चौराहे की ओर तेजी से निकल गए। जब स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तो युवती मृत अवस्था में पड़ी मिली।

युवती सलवार-सूट पहने हुई थी। उसके शरीर के कुछ हिस्सों पर चोट के निशान भी दिखाई दिए। ग्रामीणों की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी रुद्रपुर के साथ पुलिस अधीक्षक अभिजीत शंकर ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस युवती की पहचान कराने के साथ ही वारदात में शामिल लोगों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।

कोतवाली प्रभारी पंकज कुमार ने बताया कि सड़क किनारे से युवती का शव बरामद किया गया है। मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। शिनाख्त और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं।

वहीं, सीओ रुद्रपुर राजेश कुमार चतुर्वेदी ने बताया कि कन्हौली के पास युवती का शव मिला है। उसकी पहचान कराने का प्रयास जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी देखें  भारतीय कांग्रेस आर्मी संगठन में नीरू बनी जोधपुर संभाग संयोजक

About Author

Leave a Reply

You may have missed

error: Content is protected !!