जोशीमठ में बद्रीनाथ से लौट रहा हेलीकॉप्टर क्रैश, पायलट समेत 6 लोग थे सवार; मलबा मिला, सभी के मारे जाने की आशंका

चमोली। उत्तराखंड के चमोली जिले के जोशीमठ क्षेत्र में शुक्रवार (30 अक्टूबर) दोपहर एक बड़ा हेलीकॉप्टर हादसा हो गया। बद्रीनाथ से देहरादून की ओर जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलीकॉप्टर चाई गांव के पास पहाड़ी से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हेलीकॉप्टर में पायलट समेत छह लोग सवार थे। हादसे के बाद विमान का मलबा मिलने की सूचना है। सभी छह लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है।

प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक हेलीकॉप्टर ने बद्रीनाथ से उड़ान भरी थी और उसे देहरादून पहुंचना था। दोपहर करीब 2:20 बजे जोशीमठ क्षेत्र में हेलीकोप्टर का संपर्क टूट गया। इसके बाद आसपास के इलाके में धुआं दिखाई देने की सूचना मिली। तलाशी अभियान के दौरान चाई गांव के पास पहाड़ी क्षेत्र में हेलीकॉप्टर का मलबा मिला।

पायलट समेत छह लोग थे सवार

हेलीकॉप्टर में एक पायलट और पांच यात्री सवार थे। शुरुआती रिपोर्टों में पायलट की पहचान कैप्टन हिमांशु के रूप में बताई गई है। यात्रियों के नाम प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज बताए गए हैं। हालांकि सभी यात्रियों की स्थिति और हताहतों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।

सेना, SDRF और पुलिस की टीमें रेस्क्यू में जुटीं

हादसे की सूचना मिलने के बाद जिला प्रशासन, पुलिस, सेना, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में लगाई गईं। खराब मौसम, बारिश और कम दृश्यता के कारण पहाड़ी क्षेत्र में बचाव अभियान में मुश्किलें आने की खबर है।

प्रशासन की ओर से हेलीकॉप्टर की लोकेशन का पता लगाने के लिए हवाई तलाशी भी कराई गई। हादसे के बाद संबंधित विमानन कंपनी के हेलीकॉप्टर बेड़े को एहतियातन उड़ान से रोकने की जानकारी भी सामने आई है।

यह भी देखें  अखिलेश का तंज और शाह का तीखा जवाब: 'हमारे करोड़ों मेंबर्स, आप तो 25 साल तक अध्यक्ष बने रहो

मुख्यमंत्री धामी ने जताया दुख

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जोशीमठ के पास हेलीकॉप्टर दुर्घटना की जानकारी मिलने पर दुख जताया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, आपदा प्रबंधन विभाग और SDRF की संयुक्त टीमें राहत एवं बचाव अभियान चला रही हैं। मुख्यमंत्री ने पूरे घटनाक्रम की निगरानी करने और घायलों को जरूरत पड़ने पर तत्काल उच्च चिकित्सा केंद्र पहुंचाने के निर्देश दिए।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। खराब मौसम और कम दृश्यता को संभावित वजह माना जा रहा है। दुर्घटना की विस्तृत जांच और यात्रियों की स्थिति को लेकर प्रशासनिक जानकारी का इंतजार है।

About Author

Leave a Reply

You may have missed

error: Content is protected !!