राष्ट्रीय एकता दिवस पर पुलिस लाइन देवरिया में पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाते पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर।
देवरिया। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती के अवसर पर शुक्रवार को देवरिया पुलिस ने राष्ट्रीय एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। पुलिस लाइन में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर पुलिसकर्मियों ने देश की एकता और अखंडता को बनाए रखने के साथ ही भारत की संप्रभुता की रक्षा करने का संकल्प लिया। सभी ने राष्ट्र के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त करते हुए देश की एकता को मजबूत बनाए रखने की प्रतिबद्धता जताई।

थानों और पुलिस कार्यालयों में भी हुए कार्यक्रम
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में जिले के सभी थानों और पुलिस कार्यालयों में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार वल्लभभाई पटेल के योगदान को याद किया गया और पुलिसकर्मियों को राष्ट्रीय एकता के महत्व से अवगत कराया गया।
सरदार पटेल को देश की एकता और अखंडता का मजबूत स्तंभ माना जाता है। आजादी के बाद विभिन्न रियासतों को एकजुट कर अखंड भारत के निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही। उनकी जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है।
देवरिया पुलिस ने इस अवसर पर देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया।