देवरिया के लार क्षेत्र में मारपीट के मामले में गिरफ्तार आरोपी और बरामद चाकू
देवरिया। लार थाना क्षेत्र के बलुआ गौरी गांव में बकरी को बाइक से टक्कर लगने की मामूली बात ने ऐसा तूल पकड़ा कि दो पक्षों के बीच जमकर खूनी संघर्ष हो गया। देखते ही देखते कहासुनी मारपीट में बदल गई। दोनों ओर से ईंट-पत्थर बरसने लगे और धारदार हथियार से भी हमला किया गया। इस हिंसक झड़प में चार लोग घायल हो गए। मामले में पुलिस ने चाकू से हमला करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बलुआ गौरी गांव में एक व्यक्ति की बकरी दरवाजे के पास बैठी थी। इसी दौरान वहां से गुजर रहे एक बाइक सवार युवक की बाइक बकरी से टकरा गई। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद की सूचना पर पीआरवी पुलिस टीम गांव पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर शांत कराया। पुलिस ने दोनों पक्षों को अगली सुबह थाने आने की हिदायत भी दी।
लेकिन पुलिस के गांव से लौटते ही विवाद ने फिर तूल पकड़ लिया। कुछ ही देर बाद दोनों पक्ष दोबारा आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर चले और धारदार हथियार से हमला किया गया। घटना में एक पक्ष के तीन और दूसरे पक्ष का एक व्यक्ति घायल हो गया। अचानक हुए इस संघर्ष से गांव में अफरा-तफरी मच गई।
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चाकू से हमला करने के आरोप में बलुआ गौरी गांव निवासी आकाश गौड़ (27) और विकास गौड़ (29) को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, इस मामले में लार थाने में मुकदमा अपराध संख्या 329/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
-गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक राहुल राव, हेड कांस्टेबल जयप्रकाश यादव, दिनेश यादव तथा कांस्टेबल रजनीश कुमार और कमल विश्वकर्मा शामिल रहे।
