कुशीनगर। हाटा कोतवाली क्षेत्र के थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ, जब तिलक समारोह में शामिल होकर लौट रही इक्को वैन की सामने से आ रहे ट्रक-ट्रेलर से जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वैन सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भलुही गांव के निवासी एक तिलक समारोह में शामिल होने के लिए हाटा कोतवाली क्षेत्र के देवराड़ पिपरा गांव गए थे। समारोह महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के बभनौली गांव से संबंधित था। वापस लौटते समय थरुआडीह पेट्रोल पंप के पास वैन और ट्रेलर की आमने-सामने टक्कर हो गई।
रिश्तेदार के तिलक समारोह में गए थे सभी
बताया गया कि भलुही गांव के प्रधान प्रतिनिधि कन्हैया प्रसाद के भाई रवि कुमार गौतम एसएसबी में जवान हैं। उनकी ससुराल बभनौली गांव में है। रवि कुमार गौतम की साली के तिलक समारोह में शामिल होने के लिए सभी लोग भलुही से देवराड़ पिपरा गए थे। समारोह से घर लौटते समय यह हादसा हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस, ट्रेलर चालक फरार
हादसे की सूचना मिलते ही भलुही गांव से बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी। दुर्घटना के बाद ट्रेलर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
इस हादसे से भलुही गांव में शोक की लहर है। एक ही वाहन में सवार कई लोगों की मौत से परिवारों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

