देवरिया। तरकुलवा थाना क्षेत्र में दशहरे के दिन हुए भीषण सड़क हादसे ने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। हादसे में गंभीर रूप से घायल 21 वर्षीय अंकित की शुक्रवार देर रात मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में इलाज के दौरान मौत हो गई। इससे पहले चार युवकों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। पांचवीं मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई।
जानकारी के मुताबिक, तरकुलवा थाना क्षेत्र के मठिया रति गांव निवासी अंकित पुत्र हर्षदेव दशहरे के दिन कुशीनगर में मेला देखने गया था। देर रात वह मारुति कार से छह अन्य युवकों के साथ घर लौट रहा था। इसी दौरान सिसवा गांव के पास कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार सभी युवक गंभीर रूप से प्रभावित हुए। हादसे में गढ़रामपुर गांव निवासी अंकुर कनौजिया और संजीव शर्मा तथा मठिया रति गांव के नीतीश और प्रदीप की मौके पर ही मौत हो गई थी। वहीं, अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए थे।
घायल अंकित को बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज गोरखपुर में भर्ती कराया गया था। चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार चल रहा था, लेकिन शुक्रवार देर रात उसकी भी मौत हो गई।
पांचवीं मौत से गांव में पसरा मातम
अंकित की मौत की खबर जैसे ही परिजनों तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया। मां और भाइयों के विलाप से माहौल गमगीन हो गया। एक ही हादसे में पांच युवकों की मौत से मठिया रति और गढ़रामपुर गांव में मातम पसरा हुआ है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे ने दोनों गांवों को गहरे सदमे में डाल दिया है।