मतगणना से पहले निर्वाचन आयोग का बड़ा फैसला, आईएएस प्रकाश बिंदु को सौंपी गई जिम्मेदारी
गोरखपुर। गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव को लेकर निर्वाचन आयोग ने बड़ा प्रशासनिक फैसला लिया है। भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह की शिकायत के बाद चुनाव पर्यवेक्षक अभय सिंह को जिम्मेदारी से हटा दिया गया है। उनकी जगह आईएएस अधिकारी प्रकाश बिंदु को नया पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, भाजपा एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर पर्यवेक्षक अभय सिंह की नियुक्ति पर आपत्ति जताई थी। उन्होंने अपनी शिकायत में अभय सिंह से जुड़े पुराने मामलों का उल्लेख करते हुए चुनाव की निष्पक्षता को लेकर सवाल उठाए थे और उन्हें पर्यवेक्षक पद से हटाने की मांग की थी।
शिकायत मिलने के बाद निर्वाचन आयोग ने मामले पर निर्णय लेते हुए पर्यवेक्षक बदलने का आदेश जारी किया। इसके तहत अब प्रकाश बिंदु चुनाव से संबंधित पर्यवेक्षण की जिम्मेदारी संभालेंगे।
इस घटनाक्रम ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक एमएलसी चुनाव को एक बार फिर चर्चा में ला दिया है। खास बात यह है कि मतगणना से ठीक पहले पर्यवेक्षक में बदलाव किया गया है। अब नए पर्यवेक्षक की निगरानी में मतगणना की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।