दीपावली से पहले देवरिया में मिठाई दुकानों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, 10 नमूने लिए गए
देवरिया। दीपावली के त्योहार से पहले मिठाइयों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने जिले में बड़ा जांच अभियान चलाया। अंतर्जनपदीय खाद्य सचल दल के सहयोग से अलग-अलग टीमों ने जिले के प्रमुख मिठाई प्रतिष्ठानों पर एक साथ छापेमारी कर जांच-पड़ताल की। इस दौरान विभिन्न दुकानों और कारखानों से मिठाइयों के कुल 10 नमूने एकत्र किए गए।
खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने स्वीट संसार स्वीट्स, शिवशक्ति स्वीट्स, कनक स्वीट्स (सिविल लाइंस एवं गोरखपुर ओवरब्रिज), तिरुपति बालाजी स्वीट्स, पूजा स्वीट्स, स्टार बेकर्स, गोकुल स्वीट्स (सलेमपुर), बीकानेर स्वीट्स (स्टेशन रोड) और संजय यादव के लड्डू कारखाने का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान मिठाई बनाने वाले स्थानों की साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों के रखरखाव, कच्चे माल की गुणवत्ता, स्वच्छ उपकरणों के इस्तेमाल और पेस्ट कंट्रोल से जुड़े अभिलेखों की जांच की गई। इसके अलावा मिठाइयों में इस्तेमाल होने वाले रंग, चांदी के वर्क, खोया, दूध, खाद्य लाइसेंस और मिठाइयों की उपयोग अवधि (यूज-बाई डेट) को भी परखा गया।
गुणवत्ता पर संदेह, प्रयोगशाला भेजे गए 10 नमूने
अभियान के दौरान गुणवत्ता को लेकर संदेह होने पर बूंदी के लड्डू, खोया मिठाई, छेना मिठाई, कराची हलवा, बेसन और बेसन के लड्डू समेत कुल 10 नमूने लिए गए। सभी नमूनों को जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला, उत्तर प्रदेश भेजा गया है। निरीक्षण में मिली कमियों को दूर करने के लिए संबंधित प्रतिष्ठानों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं।
सहायक आयुक्त (खाद्य)-II देवरिया हितेन्द्र मोहन त्रिपाठी ने बताया कि दीपावली के दौरान मिठाइयों की मांग और बिक्री में बढ़ोतरी को देखते हुए विभाग लगातार निगरानी करेगा। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए जांच अभियान जारी रहेगा। किसी भी तरह की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई की जाएगी।
त्योहार पर मिलावटखोरी रोकने के लिए विभाग की इस कार्रवाई से मिठाई कारोबारियों में हलचल है। अब प्रयोगशाला की जांच रिपोर्ट से नमूनों की वास्तविक गुणवत्ता सामने आएगी।