देवरिया। रुद्रपुर थाना क्षेत्र में महिला का शव मिलने के मामले में रुद्रपुर पुलिस और एसओजी टीम ने हत्या का खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, महिला की हत्या गला घोंटकर की गई थी। मामले में पुलिस ने आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

31 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे रुद्रपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सड़क किनारे जंगल-झाड़ियों के बीच एक महिला का शव फेंके जाने की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव की पहचान कराने की कार्रवाई शुरू की। अगले दिन मृतका की पहचान रानी विश्वकर्मा (26), पुत्री सुभाष चंद्र विश्वकर्मा, निवासी थाना झंगहा, जनपद गोरखपुर के रूप में हुई।
परिजनों की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 519/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) एवं 238 में मामला दर्ज किया था। इसके बाद पुलिस ने घटना की जांच शुरू की।
स्कूल में साथ काम करने के दौरान हुई थी पहचान
पुलिस के मुताबिक, मृतका रानी विश्वकर्मा और आरोपी विजय निषाद एक विद्यालय में पढ़ाते थे। आरोपी विजय निषाद विद्यालय में संयोजक की भूमिका में था। दोनों के बीच पहले से परिचय था।
पुलिस की जांच में सामने आया कि घटना वाले दिन आरोपी अपनी सफेद रंग की वैगनआर कार (UP 53 FF 9352) से रानी को लेकर गया था। रास्ते में दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने रानी को पीछे की सीट पर बैठाया और गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी।
फोरेंसिक जांच में जुटाए गए साक्ष्य
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर मृतका का एटीएम कार्ड, कार्ड होल्डर और मोबाइल फोन बरामद किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त कार को भी कब्जे में लेकर उसकी फोरेंसिक जांच कराई है।
पुलिस के अनुसार, कार की डिग्गी में शव रखकर ले जाने और उसे ठिकाने लगाने के संबंध में भी जांच की गई। घटनास्थल और वाहन से संबंधित साक्ष्यों का संकलन किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में तकनीकी और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाए गए हैं।
अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच
पुलिस के मुताबिक, मामले में आरोपी विजय निषाद को गिरफ्तार कर लिया गया है। विवेचना के दौरान कुछ अन्य लोगों की संभावित संलिप्तता को लेकर भी संदेह सामने आया है। इस बिंदु पर पुलिस जांच कर रही है।
देवरिया पुलिस का कहना है कि मामले में उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
