मीरजापुर में अवैध जानवरों की हड्डी लदी पिकअप पकड़ी गई, चार आरोपित गिरफ्तार
- ✍️ अभिजीत श्रीवास्तव, मीरजापुर | The Newswala
मीरजापुर: अदलहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर खजुरौल तालाब के पास पुलिस ने बुधवार की रात एक बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध जानवरों की हड्डी से लदी पिकअप को पकड़कर चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मिश्रा ने बताया कि उन्हें सूचना मिली थी कि नरायनपुर से रॉबर्ट्सगंज की ओर एक पिकअप वाहन जा रहा है, जिससे अत्यधिक दुर्गंध आ रही है। इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वाहन को खजुरौल तालाब के पास रोका गया, जिसमें चार लोग सवार थे। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे इस अवैध कारोबार में लंबे समय से लिप्त हैं और वाहन में लदी हड्डियों को गोलगड्डा से लादकर सुकृत ले जाया जा रहा था। उन्होंने यह भी बताया कि यह कार्य बिना किसी सुरक्षा मानकों का पालन किए किया जा रहा था, जिससे मानव जीवन को गंभीर संक्रमण और स्वास्थ्य संकट की आशंका बनी हुई है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में लाडले पुत्र निजामुद्दीन निवासी थाना मड़ियाहूं, जनपद जौनपुर; मोहम्मद पठान पुत्र बबलू पठान निवासी कज्जाकपुरा थाना जैतपुरा, वाराणसी; मोहम्मद अरसद पुत्र मोहम्मद शाहिद निवासी थाना भेलूपुर, वाराणसी; और जीतलाल पुत्र सुकालू निवासी ग्राम देवाही, थाना पड़री, मीरजापुर शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। यह कार्रवाई क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर लगाम लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।