सरयू पारीण ब्राह्मण समाज ने श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाई तुलसीदास जयंती
जयपुर। सरयू पारीण ब्राह्मण समाज राजस्थान ने इस वर्ष भी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए गुरुवार, 31 जुलाई 2025 को शिव शक्ति मंदिर, कृष्णा विहार कॉलोनी, गोपालपुरा बायपास में बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ गोस्वामी तुलसीदास जयंती का भव्य आयोजन किया। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 5 बजे सुंदरकांड पाठ से हुआ, जिसमें “जय श्रीराम” और “हनुमान चालीसा” के गूंजते स्वर से पूरा मंदिर परिसर भक्तिमय हो गया।
इस अवसर पर समाज के अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी ने रामायण और रामचरितमानस के अंतर को विस्तार से समझाते हुए तुलसीदास जी की रचनाओं के महत्व को रेखांकित किया। वहीं उपाध्यक्ष एस.पी.डी. मिश्रा ने तुलसीदास जी के जीवन, उनके आध्यात्मिक योगदान और समाज सुधारक स्वरूप पर प्रकाश डाला।
कार्यक्रम में समाज के आजीवन सदस्य और सफल उद्यमी अश्विनी पांडे को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “तुलसीदास जी की वाणी हमें जीवन के हर मोड़ पर सही दिशा दिखाती है, इसे केवल पढ़ना ही नहीं बल्कि जीवन में उतारना भी जरूरी है।”
आयोजन में महिला कार्यकारिणी की सक्रिय भूमिका विशेष रही। महिला मोर्चा की अध्यक्ष और महासचिव सहित सभी महिला सदस्यों ने पूरे उत्साह के साथ सहयोग दिया और कार्यक्रम को सफल बनाने में अहम योगदान निभाया। इसी क्रम में महिला मोर्चा की ओर से महिला सदस्यों का सम्मान भी किया गया।
समारोह में समाज के अनेक सदस्य अपने परिवार सहित शामिल हुए। सभी ने मिलकर सुंदरकांड पाठ में भाग लिया और भक्ति भाव से सराबोर होकर “सीताराम” के जयकारे लगाए। पाठ के उपरांत प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन हुआ, जिसमें सभी श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
कार्यक्रम के अंत में समाज के अध्यक्ष ओम प्रकाश त्रिपाठी और महासचिव सुरेंद्र प्रसाद चौबे ने सभी उपस्थित सदस्यों, सहयोगियों और अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि “यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि समाज को एक सूत्र में बांधने का प्रयास है।”