घरेलू गैस सिलेंडर के दुरुपयोग व अवैध रिफिलिंग पर तीन जगह कार्रवाई

बीकानेर। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग द्वारा घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग की रोकथाम के तहत इस सप्ताह तीन स्थानों पर कार्रवाई की गई।

प्रवर्तन अधिकारी पवन सुथार ने हनुमान हत्था क्षेत्र में हल्दीराम राजकीय बालिका विद्यालय के पास महेंद्र सिंह को घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में गैस भरते हुए पकड़ा। मौके से दो सिलेंडर, एक रिफिलिंग मोटर और एक कांटा जब्त किया गया।

खाजूवाला में प्रवर्तन निरीक्षक दीपक पूनिया ने भगत सिंह चौक पर भंवरलाल को घरेलू गैस सिलेंडर से छोटे सिलेंडरों में गैस भरते हुए पाया। इस दौरान तीन सिलेंडर जब्त किए गए।

मुक्ता प्रसाद नगर थाने की सूचना के आधार पर प्रवर्तन अधिकारी कृष्ण कुमार और जय सिंह ने पूगल रोड स्थित हनुमान मंदिर के पास लोकेश को घरेलू गैस सिलेंडरों से वाहनों में गैस भरते हुए पकड़ा। यहां से 15 सिलेंडर, दो रिफिलिंग मोटर और एक इलेक्ट्रॉनिक कांटा जब्त किया गया।

जिला रसद अधिकारी ने बताया कि जब्त सामग्री को निकटतम गैस एजेंसियों को सुरक्षित रखने के लिए सुपुर्द किया गया है। तीनों मामलों में आरोपियों के खिलाफ एलपीजी अधिनियम, 2000 के खंड 3, 4, 5 व 7 के तहत कार्रवाई कर सक्षम न्यायालय में वाद प्रस्तुत किया जाएगा।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!