आपसी भाईचारे से सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाए आगामी त्यौहार: जिला कलक्टर
सवाई माधोपुर। जिले में आगामी होली, रामनवमी और ईद के त्यौहारों को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाने के उद्देश्य से जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला कलक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट शुभम चौधरी और पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने की।
बैठक में जिला कलक्टर ने सभी नागरिकों से अपील की कि वे त्यौहारों को शांति, सौहार्द और सामाजिक समरसता के साथ मनाएं तथा प्रशासन को पूरा सहयोग दें। उन्होंने कहा कि सवाई माधोपुर एक शांतिप्रिय शहर है, जहां सभी धर्मों और समुदायों के लोग मिल-जुलकर पर्वों को मनाते हैं।
कलक्टर ने युवाओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर भड़काऊ या गलत पोस्ट साझा न करें और अफवाहों से बचें। पुलिस अधीक्षक ममता गुप्ता ने कहा कि यदि कोई आपत्तिजनक पोस्ट या गतिविधि देखी जाए तो तुरंत पुलिस को सूचित करें, ताकि आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
इसके अलावा, जिला प्रशासन ने गंगापुर सिटी में यातायात नियंत्रण के लिए विशेष व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। जामा मस्जिद के पास ट्रैफिक नियंत्रण हेतु चार पुलिसकर्मियों की नियुक्ति के निर्देश दिए गए हैं।
नगर परिषद आयुक्त को निर्देश दिए गए कि होली और ईद के दौरान नालियों, प्रमुख चौराहों और सार्वजनिक स्थलों की सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाए। साथ ही, सड़क से अतिक्रमण हटाने, स्ट्रीट लाइटों की मरम्मत, पार्किंग की उचित व्यवस्था, सीवरेज लाइन की सफाई और पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश एसडीएम को दिए गए।