आरवीयूएनएल और सिंगरेनी कोलियरीज के बीच एमओयू

1600 मेगावाट की थर्मल और 1500 मेगावाट की नवीकरणीय ऊर्जा परियोजनाएं होंगी स्थापित

जयपुर। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार ने प्रदेश में सुदृढ़ प्रसारण तंत्र एवं ऊर्जा उत्पादन के क्षेत्र में ऐतिहासिक निर्णय लिए हैं। इन फैसलों से राजस्थान जल्द ही देश में ‘ऊर्जादाता’ की भूमिका में उभरेगा। राज्य विद्युत उत्पादन निगम लिमिटेड (आरवीयूएनएल) और सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) के बीच हुए समझौते को बिजली उत्पादन और आपूर्ति के क्षेत्र में मील का पत्थर बताया गया।

मुख्यमंत्री निवास पर आयोजित इस एमओयू हस्ताक्षर समारोह में उन्होंने कहा कि राजस्थान सौर ऊर्जा के क्षेत्र में अपार संभावनाओं वाला राज्य बनकर उभर रहा है और जल्द ही ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर होगा। सरकार ने किसानों को 2027 तक दिन में बिजली उपलब्ध कराने के लक्ष्य को पूरा करने के लिए ठोस कदम उठाए हैं।

राजस्थान में 1500 मेगावाट का सोलर पार्क, 800 मेगावाट बिजली का लाभ

मुख्यमंत्री ने बताया कि इस एमओयू के तहत तेलंगाना में 1600 मेगावाट क्षमता की थर्मल आधारित परियोजनाएं स्थापित होंगी, जिससे 800-800 मेगावाट बिजली तेलंगाना और राजस्थान को मिलेगी। इसके अलावा, राजस्थान में 1500 मेगावाट का सोलर पार्क विकसित किया जाएगा, जिसके लिए आरवीयूएनएल ने भूमि चिन्हित कर ली है। इस परियोजना में करीब 6,000 करोड़ रुपये का निवेश होगा और हजारों रोजगार के अवसर सृजित होंगे। इन सभी परियोजनाओं की कुल लागत लगभग 22,000 करोड़ रुपये आंकी गई है।

ऊर्जा क्षेत्र में नए कीर्तिमान की ओर राजस्थान

मुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान की स्वच्छ ऊर्जा नीति-2024 के तहत 2030 तक 125 गीगावाट सौर ऊर्जा उत्पादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। राज्य सरकार ने परंपरागत और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों से 54,000 मेगावाट विद्युत क्षमता हासिल करने की योजना बनाई है। इसके तहत 10 मार्च 2024 को केंद्रीय उपक्रमों के साथ और राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में कुल 2,28,800 करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए गए हैं।

यह भी देखें  राजस्थान और हरियाणा के जालसाजों का यूपी में सेंधमारी

तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री एवं ऊर्जा मंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क ने इस एमओयू को ऊर्जा क्षेत्र में नए युग की शुरुआत बताया। ऊर्जा राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) हीरालाल नागर ने कहा कि तेलंगाना सरकार के साथ बेहतर तालमेल बनाकर इन परियोजनाओं को समयबद्ध रूप से पूरा किया जाएगा।

इस अवसर पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ऊर्जा आलोक, प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री) आलोक गुप्ता, आरवीयूएनएल के सीएमडी देवेंद्र श्रृंगी, सिंगरेनी कोलियरीज कंपनी लिमिटेड के सीएमडी एन. बलराम सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!