योगी सरकार के बाद मोदी सरकार ने किया पाठ्यक्रम में बड़ा बदलाव, अब बच्चे नहीं पढ़ेंगे मुगलों का इतिहास
जैसे उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने यूपी बोर्ड और सीबीएसई बोर्ड के सिलेबस में बड़ा बदलाव का आदेश जारी किया वैसे ही नैशनल काउंसिल ऑफ एजुकेशनल रिसर्च एंड ट्रेनिंग (NCERT) ने अपनी किताबों में भी बड़ा बदलाव किया है। इनसे मुगलों से जुड़े अध्याय हटा दिए गए हैं। दरअसल, अब स्कूलों में मुगलों का इतिहास नहीं पढ़ाया जाएगा । शैक्षिक सत्र 2023-24 में 12वीं में पढ़ाई जाने वाली इतिहास की किताब में से मुगल चैप्टर हटा दिया गया है और यूपी में तो 11वीं की किताब से इस्लाम का उदय, संस्कृतियों में टकराव, औद्योगिक क्रांति, समय की शुरुआत पाठ हटाए दिए गए हैं। अभी तक 12वीं की हिस्ट्री की किताबों में मुगल दरबार से जुड़े चैप्टर होते थे। इनमें शासकों का जिक्र था। अब ये नहीं दिखेंगे। यह फैसला अकैडमिक सेशन 2023-24 से लागू होगा। यानी इस सेशन से यह तब्दीली दिखाई देगी। इस तरह जो छात्र अगले साल बोर्ड की परीक्षा में बैठेंगे, उनके लिए इन बदलावों के बारे में जानना बहुत जरूरी है। बीजेपी सरकार मुगलों को आक्रांता करार देती आई है। उसे लगता है कि भारतीय इतिहास में इन आक्रांताओं का ज्यादा बखान किया गया है। वहीं, अपने हीरोज को भुलाया गया है। इसके जरिये वह पूर्व की सरकारों की मंशा पर सवाल उठाती रही है। इसे तुष्टिकरण से भी जोड़ चुकी है। बीजेपी मानती है कि भारतीय इतिहास की गाथा गौरवमयी है। लेकिन, इतिहास की किताबों में कुछ और ही दिखाई देता है। कई इतिहासकार भी इस बात से सहमति जताते हैं।