देवरिया : एंटी करप्शन टीम ने कोषागार के रिश्वतखोर बाबू को किया गिरफ्तार

अखिलेश पांडेय, देवरिया | यूपी के देवरिया में एंटी करप्शन टीम ने मंगलवार की दोपहर कोषागार के अकाउंटेंट दिनेश कुमार उपाध्याय को दस हजार रुपये घूस लेने के आरोप में गिरफ्तार किया है। टीम ने सुबह से ही जाल बिछाया था। टीम उसे पकड़कर सदर कोतवाली ले गई व कानूनी कार्रवाई में जुटी है। अकाउंटेंट के पकड़े जाने की जानकारी मिलते ही कर्मचारियों में खलबली मच गई।

लार के नेमा गांव के रहने वाले शुभनाथ प्रसाद बिहार के वैशाली जिले में जूनियर हाईस्कूल में प्रधानाध्यापक पद से चार माह पूर्व सेवानिवृत्त हुए थे। कोषागार से उनके पेंशन की प्रक्रिया चल रही है। आरोप है कि अकाउंटेंट दिनेश कुमार उपाध्याय ने पेंशन स्वीकृति के लिए दस हजार रुपये की मांग की। सेवानिवृत्त प्रधानाध्यापक शुभनाथ प्रसाद के पुत्र सोनू ने इसकी शिकायत एक सप्ताह पूर्व एंटी करप्शन टीम गोरखपुर से की। टीम ने शिकायत मिलने के बाद कोषागार आकर रेकी की। अकाउंटेंट के बैठने व शिकायत के संबंध में जांच की। शिकायत की पुष्टि होने के बाद टीम ने मंगलवार की सुबह जाल बिछाया।

डीएम ने दो अधिकारियों को बतौर गवाह नियुक्त किया। गवाहों को लेकर टीम कोषागार पहुंची। शिकायतकर्ता ने दस हजार रुपये की रकम निकालकर अकाउंटेंट को दिया। इसी बीच एंटी करप्शन टीम ने दबोच लिया। टीम उसे लेकर सदर कोतवाली पहुंची। उसके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। सदर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक राहुल कुमार सिंह ने बताया कि एंटी करप्शन टीम ने एक कर्मचारी को पकड़ा है। उसके विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!