लार बाई पास की अजब कहानी, दो महीने से भरा है पानी
सलेमपुर। नवलपुर से लार के पिपरा स्थित राम जानकी मार्ग को जोड़ने वाला लार बाई पास दो माह से बन्द है। जिम्मेदार मौन हैं। जनता परेशान है। कमीशनखोरी की भेंट चढ़ी यह सड़क बनने के 6 माह के भीतर ही उखड़ गयी थी। प्रशासन के कड़े रुख के बाद ठीकेदार द्वारा दूसरी बार बंनाने का काम शुरू हुआ तो बरसात आ गयी। इस वर्ष इतना पानी बरसा की दो माह से लार बाईपास पर दो फिट ऊंचा पानी लगा है। आवागमन बन्द है। जलनिकासी के प्रबंध के लिए न तो नगर पंचायत उत्सुक है और न प्रशासन इस तरफ ध्यान दे रहा है। विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर जनता के बीच जाने वाले भाजपा के लोग इस विकास को देखने भी नहीं आते। आएं भी क्यों? अभी हाल ही में लार रोड में गए थे विकास का रिपोर्ट कार्ड लेकर। जनता ने जबरिया पानी मे खड़ा कराया, विधायक-सांसद के लिए मुर्दाबाद के नारे लगाए। वीडियो वायरल हुआ। जनता ने विकास की कहानी पढ़ी। लार बाई पास की यही कहानी, दो माह से भरा है पानी। नगर पंचायत अध्यक्ष भाजपा का, विधायक भाजपा का, सांसद भाजपा का और सड़क पर दो माह से लगा पानी क्या इसी में कमल खिलाएंगे। जनता भी मौके की तलाश में है, ऐसे जनप्रतिनिधियों को शबक सिखाएगी।
लार बाई पास पर दो फिट ऊंचा पानी है। स्कूटर, मोटरसाइकल, ट्रक, टेम्पो नहीं चल रहे। संजाव गाँव से चलने वाली राजकीय बस का चालक अपनी और बस यात्रियों की जान जोखिम में डाल कर इस रास्ते बस लेकर जाता है। लार बाई पास पर आवागमन बन्द होने से बाजार में जाम लगता है। इन सबके बाद भी जल निकासी का कोई प्रबंध नहीं किया जाता। अब तो लोग यह भी कहने लगे हैं कि पानी नहीं निकलवा सकते तो नाव ही सड़क पर चलवा दीजिये जनाब। समस्याओं का अंबार-दुश्वारियां बेशुमार-यही तो है लार।
-सलेमपुर से पत्रकार स्वप्निल द्विवेदी की रिपोर्ट