देवरिया : आदित्य मणि हत्याकांड के मामले में सभासद का पति गिरफ्तार
देवरिया | रामनाथ देवरिया मोहल्ले के रहने वाले ग्यारहवीं कक्षा के छात्र आदित्य मणि उर्फ छोटू की गुरुवार की रात शहर के सीसी रोड स्थित एसबीआइ शाखा के पास पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या के मामले में मृतक के भाई सुबोध मणि त्रिपाठी के तहरीर पर पुलिस ने को महिला सभासद के पति प्रभाकर शाही को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। पुलिस अबतक सात लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है।
जानकारी के अनुसार आदित्य मणि उर्फ छोटू हत्या कांड के मामले में पुलिस ने मृतक के भाई की तहरीर पर वार्ड नंबर तेरह रामनाथ देवरिया उत्तरी की महिला सभासद बेबी शाही के पति प्रभाकर शाही समेत पांच नामजद व पांच अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। कोतवाली पुलिस प्रभाकर शाही को दो दिन पूर्व हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही थी। पुलिस एक दिन पूर्व छह आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है, जिसमें रामनाथ देवरिया का भंटू उर्फ कृष्णा चौरसिया, राघवनगर का आयुष श्रीवास्तव, गोरखपुर के गगहा थाना के अस्थौला गांव रोहित व प्रभात, गौरीबाजार के बांकी फुलवरिया का समीर यादव तथा सदर कोतवाली के कोल्हुआ का सौरभ सिंह शामिल है।