BSNL ने पिछले 6 वर्षों में गंवाए 10 करोड़ से ज्यादा कस्टमर
दूरसंचार क्रांति के इस महा दौर में सार्वजनिक क्षेत्र की प्रमुख सरकारी कंपनी भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने पिछले 6 वर्षों में अपने 9.22 करोड़ मोबाइल ग्राहक और करीब 1.35 करोड़ लैंडलाइन ग्राहक गंवाए हैं। BSNL ने सूचना का अधिकार के तहत मांगी गई जानकारी में उपरोक्त आकड़ों को बताया है जबकि इसी दौरान कंपनी ने 50 लाख से अधिक लैंडलाइन उपभोक्ताओं को भी जोड़ा है।
न्यूज एजेंसी पीटीआई ने BSNL से RTI के तहत जनवरी 2015 से मई 2021 तक मोबाइल और लैंडलाइन कनेक्शन वापस करने वाले ग्राहकों की संख्या की जानकारी और नए उपभोक्ताओं को जोड़ने की संख्या के बारे में सूचना मांगी थी। दूरसंचार नियामक ट्राई ने हाल में एक रिपोर्ट में बताया था कि देश में कुल टेलीकॉम उपयोगकर्ताओं की संख्या 119.85 करोड़ है तथा मोबाइल फोन क्षेत्र में मई 2021 तक बाजार में BSNL और MTNL की हिस्सेदारी 10.17 फीसदी थी, जबकि निजी कंपनियों की हिस्सेदारी 89.83 प्रतिशत है।