मेहरौना पुलिस ने पार कराया, गुठनी पुलिस ने पकड़ ली शराब

देवरिया। यूपी-बिहार बॉर्डर पर लार थाने के महरौना चेक पोस्ट पर 24 घण्टे वाहनों की चेकिंग का आदेश है। अवैध रूप से बिहार में शराब ले जाने पर कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ श्रीपति मिश्र का सख्त निर्देश है। पूर्व में यहाँ बड़ी मात्रा में शराब पकड़ी भी गयी, लेकिन इन दिनों पुलिस की खाऊ कमाऊ नीति के चलते शराब पार हो जा रही है। ताज़ा मामला गुरुवार को देखने को मिला जब महरौना पुलिस ने जिस लग्जरी कार को हरी झंडी दे दी उसे गुठनी पुलिस ने पकड़ लिया। कार से बड़ी मात्रा में शराब पकड़ कर दो लोगों को गिरफ्तार किया गया। इस घटना के बाद मेहरौना पुलिस की कार्य पद्धति पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
गुठनी पुलिस ने झारखंड नंबर की ब्रेजा कार से छपरा ले जा रहे दो लाख के अंग्रेजी शराब को बरामद किया है तथा गाड़ी के चालक व उसमें सवार व्यक्ति गिरफ्तार किया है। गुरुवार अहले सुबह गुठनी के श्रीकरपुर चेकपोस्ट के रास्ते यूपी से आ रही ब्रेजा कार को एएसआई राजेश कुमार ने जांच के लिये रोका तो वह झटका देकर भागने लगा जिसकी सूचना उन्होंने गश्तीदल को दिया। एसआई विनोद कुमार ने उक्त गाड़ी को तेनुआ सोहगरा मुख्य सड़क पर घेरावन्दी कर पकड़ लिया तथा गाड़ी में सवार व्यक्ति तथा चालक को हिरासत में लेकर वाहन की जांच किया तो काफी मात्रा में अंग्रेजी शराब मिला। गाड़ी में शराब बरामद होते ही उसे जप्त कर गाड़ी चालक व सवार दोनों को गिरफ्तार कर लिया। बरामद शराब में 8पीएम, ब्लैंडर प्राइड, ऑफिसर्स चॉइस व मैक डावेल शामिल है जिसकी बाजार भाव कीमत दो लाख आंकी गयी है। गिरफ्तार व्यक्तियों में छपरा जिला के खैरा थानाक्षेत्र अंतर्गत कटेसर गांव निवासी रंगलाल मांझी का पुत्र शम्भू मांझी तथा इसी जिला के मढ़ौरा थाना अंतर्गत उजरी सेनुआर गांव निवासी रामेश्वर राय का पुत्र मदन राय है। थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कुल 231 लीटर अंग्रेजी शराब ब्रेजा गाड़ी से बरामद हुआ है तथा दो लोग गिरफ्तार किये गये है जिनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।