भाटपाररानी में युवक की मौत के बाद घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोग।
देवरिया। नगर पंचायत भाटपाररानी के वार्ड नंबर 10 में भैंस पकड़ने के प्रयास में एक 25 वर्षीय युवक की पानी से भरे गहरे गड्ढे में डूबने से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान वार्ड नंबर 10 निवासी विशाल प्रसाद (25) पुत्र जीयुत प्रसाद के रूप में हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, विशाल सुबह शौच के लिए निकला था। इसी दौरान उसकी भैंस खुलकर भागने लगी। भैंस को पकड़ने के लिए विशाल उसके पीछे दौड़ा। इसी कोशिश में वह पास में स्थित पानी से भरे गहरे गड्ढे में जा गिरा। गड्ढे में गहरे पानी के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी जान चली गई।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। हादसे की सूचना पुलिस को दी गई। इसके बाद भाटपाररानी थाने के सब-इंस्पेक्टर आहूत यादव और प्रमोद सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके पर जांच-पड़ताल की और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने में जुट गई।
युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक के घर पर सांत्वना देने वालों का तांता लगा रहा। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। वार्ड सभासद सलीम अली ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया।
सभासद ने शासन-प्रशासन से पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने एसडीएम भाटपाररानी से भी परिवार की मदद के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।
इस दौरान चेयरमैन प्रत्याशी संतोष पांडेय, सभासद सलीम अली, राकेश, ओमप्रकाश, रघुवीर, सुलेाचन और नंदकिशोर समेत बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
