गुर्जर आंदोलन : दौसा, करौली, भरतपुर, सवाई माधोपुर समेत जयपुर की 5 तहसीलों में इंटरनेट बंद
भगवान सिंह मीणा, जयपुर | राजस्थान में गुर्जर समुदाय एक बार फिर सरकारी नौकरियों में आरक्षण की अपनी मांगों को लेकर आंदोलन का मन बना चुका है। इससे पहले ही पुलिस-प्रशासन अलर्ट हो गया है। गुर्जर बाहुल्य 4 जिलों दौसा, करौली, माधोपुर और भरतपुर में शुक्रवार शाम से ही इंटरनेट बंद कर दिया गया है। इसके अलावा जयपुर जिले की 5 तहसीलों कोटपूतली, पावटा, शाहपुरा, विराटनगर और जमवारामगढ़ में भी इंटरनेट पर पाबंदी लगा दी गई है।
प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था के लिए आरएसी, एसटीएफ़ की कंपनियां और भारी पुलिस बल तैनात किया हैं । पुलिस-प्रशासन के अधिकारियों व कर्मचारियों के अवकाश रद्द कर दिए गए।
क्या है गुर्जरों की मांगें?
- मोस्ट बैकवर्ड क्लास (एमबीसी) आरक्षण को केंद्र की 9वीं अनुसूची में शामिल किया जाए. बैकलॉग भर्तियां निकालने व प्रक्रियाधीन भर्तियों में पांच प्रतिशत आरक्षण का लाभ दिया जाए ।
- एमबीसी कोटे से भर्ती हुए 1,252 कर्मचारियों को नियमित किया जाए ।
- पहले हुए गुर्जर आंदोलनों में मारे गए युवाओं के परिजनों को नौकरी और मुआवज़ा दिया जाए ।
- आंदोलन के तहत मुक़दमों को वापस लिया जाए।
- देवनारायण योजना लागू करें।