अवैध खनन पर पांच लाख का जुर्माना

संवाददाता देवरिया।अवैध खनन की लगातार प्राप्त हो रही शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने खनन विभाग को मामले की गहन जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। जिलाधिकारी के निर्देश के क्रम में खनन निरीक्षक जितेंद्र कुमार शर्मा द्वारा विभिन्न स्थलों पर जांच अभियान चलाया गया।

जांच के दौरान देवरिया बाईपास प्राइवेट लिमिटेड फर्म द्वारा बिना अनुमति अवैध मिट्टी खनन किए जाने की पुष्टि हुई। मामले की जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को प्रस्तुत किए जाने के उपरांत संबंधित फर्म पर पांच लाख रुपये का आर्थिक दंड लगाया गया है। साथ ही फर्म की अनुज्ञा निरस्त किए जाने की कार्रवाई भी प्रस्तावित की गई है।
खनन निरीक्षक ने बताया कि संबंधित फर्म को प्रारंभिक नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया था, लेकिन संतोषजनक उत्तर एवं साक्ष्य प्रस्तुत न किए जाने पर कार्रवाई की गई।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान बनकटा एवं खुखुंदू थाना क्षेत्र में अवैध खनन में संलिप्त एक-एक जेसीबी मशीन भी पकड़ी गई, जिन्हें संबंधित थानों में सुपुर्द कर दिया गया है।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि जनपद में अवैध खनन किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी एवं सघन अभियान चलाकर अवैध खनन पर प्रभावी अंकुश लगाए जाने के निर्देश दिए हैं।

About Author

यह भी देखें  What is Caste Census? Importance, Disadvantages, and Why It Matters in India

Leave a Reply

error: Content is protected !!