विरहा गायिका सरोज सरगम के खिलाफ विश्व हिंदू परिषद ने किया प्रदर्शन

  • अभिजीत श्रीवास्तव,मीरजापुर

मीरजापुर: विरहा गायिका सरोज सरगम द्वारा हिंदू देवी-देवताओं पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में, विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल ने शुक्रवार को मिर्जापुर में विरोध प्रदर्शन किया। संगठन के कार्यकर्ताओं ने नगर मजिस्ट्रेट विनीत उपाध्याय के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन सौंपा, जिसमें सरोज सरगम के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की गई है। ज्ञापन में आरोप लगाया गया है कि सरोज सरगम ने अपने यूट्यूब चैनल पर एक बिरहा गीत में हिंदू पूजनीय देवी मां दुर्गा के बारे में अमर्यादित और आपत्तिजनक टिप्पणियां की हैं। विहिप का कहना है कि उनकी इस टिप्पणी से हिंदू समाज की भावनाएं आहत हुई हैं और समाज में भारी आक्रोश है।
संगठन ने मांग की है कि सरोज सरगम को तत्काल गिरफ्तार किया जाए और उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। विहिप ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही कार्रवाई नहीं की गई तो वे बड़े पैमाने पर धरना-प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी जिला प्रशासन की होगी। इस विरोध प्रदर्शन में विहिप के जिलाध्यक्ष माता सहाय, जिला मंत्री श्रीकृष्ण सिंह, विभाग संयोजक प्रवीण सहित सैकड़ों कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!