राष्ट्रीय खेल दिवस 2025: मीरजापुर के आदेश कुमार पाण्डेय ग्रामीण प्रतिभाओं के लिए प्रेरणा

  • अभिजीत श्रीवास्तव, मीरजापुर

हर साल 29 अगस्त को राष्ट्रीय खेल दिवस मनाया जाता है। यह दिन महान हॉकी खिलाड़ी मेजर ध्यानचंद को समर्पित है, जिन्होंने भारतीय खेल इतिहास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। यह अवसर केवल उनकी उपलब्धियों का स्मरण नहीं कराता, बल्कि ग्रामीण क्षेत्रों में छिपी हुई खेल प्रतिभाओं को भी प्रेरणा देता है। अदलहाट क्षेत्र के गरौड़ी गांव के आदेश कुमार पाण्डेय ने दिव्यांगता को अपनी कमजोरी नहीं, बल्कि अपनी ताकत बनाया। छह महीने की उम्र में दिव्यांग हो जाने के बावजूद उन्होंने क्रिकेट के मैदान पर अपनी एक अलग पहचान बनाई। 2022-23 में उन्हें भारतीय दिव्यांग क्रिकेट टीम में चयनित किया गया और 2020 से 2024 तक उन्होंने उत्तर प्रदेश टीम की कप्तानी की।

आदेश कुमार पाण्डेय न केवल एक कुशल खिलाड़ी हैं, बल्कि एक उत्कृष्ट शिक्षक भी हैं। उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) से इतिहास, समाजशास्त्र और हिंदी में एम.ए., एम.एड. और मास कम्युनिकेशन एंड मीडिया लॉ में पीजी डिप्लोमा किया है। 2009 से वे प्राथमिक विद्यालय टेढूंओ नरायनपुर, मीरजापुर में प्रधानाध्यापक के रूप में कार्यरत हैं और बच्चों को खेल एवं शिक्षा दोनों में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। आदेश ने कई राष्ट्रीय एवं राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व किया है। 2020 में दुबई में होने वाले आईपीएल के लिए उनका चयन हुआ। उनकी असाधारण उपलब्धियों के लिए 2022-23 में तत्कालीन पंजाब और हरियाणा के राज्यपाल श्री बंडारू दत्तात्रेय ने उन्हें सम्मानित किया। राष्ट्रीय खेल दिवस पर आदेश की कहानी यह साबित करती है कि मजबूत इच्छाशक्ति और सही मार्गदर्शन से कोई भी बाधा सफलता की राह नहीं रोक सकती। वे मीरजापुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

यह भी देखें  खड़गे का PM मोदी पर हमला: पहलगाम हमले की सर्वदलीय बैठक में नहीं आए

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!