संस्कार पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास से मनाया गया रक्षाबंधन

  • स्थान: मीरजापुर, उत्तर प्रदेश, रिपोर्टर: अभिजीत श्रीवास्तव, The Newswala

नगर के पांडेपुर स्थित संस्कार पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को रक्षाबंधन का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास और पारंपरिक अंदाज में मनाया गया। भारतीय संस्कृति और परंपराओं से बच्चों को जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में छात्रों ने पूरे उत्साह और उमंग के साथ भाग लिया। स्कूल प्रांगण रंग-बिरंगी सजावट, गीत-संगीत और भाई-बहन के पवित्र रिश्ते के जश्न से गूंज उठा। रक्षाबंधन के अवसर पर स्कूल में कई प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। छोटी कक्षाओं के बच्चों ने रक्षाबंधन थीम पर आकर्षक पेंटिंग बनाई, जिसमें भाई-बहन के रिश्ते की भावनात्मक झलक साफ दिखाई दी। वहीं, बड़ी कक्षाओं के छात्रों ने थाली डेकोरेशन प्रतियोगिता में भाग लेकर अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया। बच्चों ने खुद अपने हाथों से सुंदर राखियां और पूजा की थालियां तैयार कीं। इसके बाद, बहनों ने भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनकी लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना की। बदले में भाइयों ने अपनी बहनों को उपहार भेंट किए और जीवनभर रक्षा करने का वचन दिया।

स्कूल की प्रधानाचार्या रितु भंडारी ने बच्चों की रचनात्मकता और उत्साह की सराहना करते हुए कहा कि रक्षाबंधन सिर्फ एक त्योहार नहीं, बल्कि यह जीवनभर निभाए जाने वाले रिश्तों की नींव है। उन्होंने छात्रों को भाई-बहन के रिश्ते में प्रेम, विश्वास और जिम्मेदारी का महत्व समझाया। स्कूल के प्रबंधक अनंत राज भंडारी ने कहा कि राखी का पर्व हमें प्रेम, विश्वास और सुरक्षा का संदेश देता है। यह बंधन केवल धागों का नहीं, बल्कि आत्मिक जुड़ाव का होता है। उन्होंने कहा कि बचपन से ही इन मूल्यों की शिक्षा देने से समाज में आपसी भाईचारे और एकता को मजबूती मिलती है।

यह भी देखें  शिक्षा के गिरते स्तर और बढ़ती फीस के लिए जिम्मेदार कौन ?

कार्यक्रम को सफल बनाने में शिक्षक प्रियंका श्रीवास्तव, संगीता विश्वकर्मा, अमित सिंह, अमृता सिंह, रुचिका शर्मा, रामश्री मोहन उपाध्याय सहित पूरे स्टाफ ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सभी ने मिलकर बच्चों को त्योहार की परंपराओं और सांस्कृतिक मूल्यों से परिचित कराया।

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!