विहिप और बजरंग दल 28 जुलाई को निकालेंगे विशाल मोटरसाइकिल जलाभिषेक यात्रा
मीरजापुर: सावन मास के पावन अवसर पर विश्व हिन्दू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के संयुक्त तत्वावधान में एक विशाल मोटरसाइकिल हिन्दू जनजागरण एवं जलाभिषेक यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह भव्य धार्मिक यात्रा आगामी सोमवार, 28 जुलाई को आयोजित की जाएगी, जिसका उद्देश्य हिन्दू समाज में धर्म, आस्था और एकता का जागरण करना है।
बजरंग दल के जिला सह-संयोजक अभय ने बताया कि यह यात्रा न केवल धार्मिक उत्साह को नई ऊंचाई देगी, बल्कि जनमानस को एकजुट करने का भी माध्यम बनेगी। उन्होंने सभी शिवभक्तों और धर्मप्रेमियों से इस यात्रा में सादर सहभागिता करने की अपील की है। यह धार्मिक यात्रा सोमवार प्रातः 9:00 बजे रैपुरिया घाट, नारायणपुर से प्रारंभ होगी, जहाँ सभी शिवभक्त पवित्र गंगाजल एकत्र करेंगे। इसके उपरांत जलाभिषेक यात्रा बाबा जागेश्वर धाम के लिए रवाना होगी।
यात्रा मार्ग: रैपुरिया घाट, नारायणपुर → अदलहाट → कुदारन → चित्तबिश्राम → चुनार मोड़ → अहरौरा चुंगी → मदारपुर → शिकारगंज → जगेश्वर नाथ धाम
आयोजकों ने बताया कि यह आयोजन हिन्दू संस्कृति की गरिमा और श्रद्धा का प्रतीक बनेगा। सावन के इस पुण्य माह में धर्म के प्रति श्रद्धा और समर्पण भाव को जन-जन तक पहुँचाने के लिए यह यात्रा एक सशक्त माध्यम होगी। बजरंग दल और विहिप की यह पहल समाज में धार्मिक चेतना, समरसता और सद्भाव का वातावरण निर्मित करने में सहायक सिद्ध होगी। शिवभक्तों और युवाओं के बीच उत्साहपूर्वक तैयारियाँ चल रही हैं और क्षेत्र में व्यापक जनभागीदारी की संभावना है।
रिपोर्ट: अभिजीत श्रीवास्तव, मीरजापुर