प्रभारी मंत्री ने प्रेस वार्ता में दी जिले में एक साल में हुए विकास कार्यों की जानकारी
जयपुर। चूरू जिला प्रभारी मंत्री अविनाश गहलोत ने जिला परिषद सभागार में प्रदेश सरकार के कार्यकाल के 1 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष में आयोजित प्रेस वार्ता में मीडिया कर्मियों को प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी।
प्रभारी मंत्री ने कहा कि शासन-प्रशासन और मीडिया को मिलकर एक टीम के रूप में काम करना चाहिए ताकि जनकल्याणकारी योजनाओं और फैसलों को समाज के अंतिम छोर तक पहुंचाया जा सके। उन्होंने मीडिया से आग्रह किया कि वे आमजन की समस्याओं को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने और उनका उचित समाधान सुनिश्चित करने में योगदान दें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार ने अपने घोषणा पत्र को नीतिगत दस्तावेज मानते हुए उसकी शत-प्रतिशत क्रियान्विति सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्धता दिखाई है। सरकार ने पिछले एक वर्ष में सभी क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं।
चूरू जिले में प्रमुख विकास कार्यों की जानकारी
प्रभारी मंत्री ने बताया कि चूरू जिले में संसाधन विकास और सुविधाओं के विस्तार के लिए विशेष प्रयास किए गए हैं।
- कृषि महाविद्यालय की स्थापना।
- ओम कॉलोनी, रामनगर तिराहा और मोलीसर-रतनगढ़ रेलवे क्रॉसिंग पर आरओबी निर्माण कार्य प्रक्रियाधीन।
- गढ़ पीएचसी को सेटेलाइट हॉस्पिटल में क्रमोन्नत किया गया।
- तारानगर नगरपालिका को उच्च श्रेणी में अपग्रेड किया गया।
- चूरू में बालिका सैनिक स्कूल की स्थापना प्रस्तावित।
उन्होंने कहा कि बजट घोषणाओं के तहत जिले को कई महत्वपूर्ण सौगातें दी गई हैं। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश सरकार आमजन को बेहतरीन सेवाओं और सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रयासरत है।
बजट घोषणाओं की मॉनीटरिंग
प्रभारी मंत्री ने कहा कि बजट घोषणाओं को समयबद्ध और शत-प्रतिशत क्रियान्वित करने के लिए शासन-प्रशासन लगातार मॉनीटरिंग कर रहा है। सरकार की मंशा है कि बजट घोषणाओं का लाभ इसी वर्ष से आमजन को मिलना शुरू हो।
मीडियाकर्मियों से संवाद
प्रेस वार्ता के दौरान मीडियाकर्मियों ने चूरू जिले से संबंधित समस्याओं की ओर प्रभारी मंत्री का ध्यान आकर्षित किया। मंत्री ने उन्हें समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर चूरू विधायक हरलाल सहारण, जिला प्रमुख वंदना आर्य, जिला कलेक्टर अभिषेक सुराणा सहित अन्य अधिकारी व मीडियाकर्मी उपस्थित रहे।