दो बच्चों की मां फेसबुकिया प्यार में दीवाना बन देवरिया भाग आई
देवरिया। प्यार न जाने जात कुजात। फेसबुकिया प्यार में दीवाना बनी एक महिला अपने दो बच्चों को छोड़कर उड़ीसा से देवरिया के युवक के साथ भाग आई। उधर महिला के बच्चे और परिजन उसकी तलाश में उड़ीसा से देवरिया चले आए। फिलहाल प्रेमी प्रेमिका पुलिस कस्टडी में हैं। देखना होगा कि बालिग प्रेमी प्रेमिका के विरुद्ध पुलिस क्या कार्रवाई करती है।
देवरिया के एक युवक की फेसबुक के जरिए उड़ीसा की एक महिला से दोस्ती हो गई। दोस्ती प्यार में बदल गया। प्रेमी उड़ीसा पहुंचा और अपनी प्रेमिका को देवरिया लेकर चला आया। उधर महिला के पुत्र ने तहरीर पुलिस को दी है। पुलिस ने महिला के पास से करीब 30 लाख रुपये का जेवर और दो लाख रुपये नकद बरामद किया है। जबकि आरोपी देवरिया निवासी युवक को पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। देवरिया के युवक की फेसबुक के जरिए उड़ीसा के तल्चर निवासी एक महिला से दोस्ती हो गई थी। दोनों के बीच आएदिन मोबाइल से घंटों बातचीत होती रही। युवक 24 मई को अपने निजी साधन से महिला के घर के पास पहुंच गया और उसे यहां लेकर चला आया। दो बच्चों की मां के गायब होने के बाद उसके बेटे उसकी तलाश में जुट गए। उसके पुत्र ने उड़ीसा के अंगुल जनपद के तल्चर थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। इसके बाद परिजन मोबाइल काल डिटेल के जरिए पता लगाने लगे। इस पर पता चला कि महिला की लंबी वार्ता युवक से हो रही है। वह देवरिया पहुंच गए और युवक के घर चले गए, वहां पहुंचने पर महिला मिल गई। देवरिया पुलिस युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।