देवरिया में साथी की जमीन पर तोड़फोड़ से आक्रोशित वकीलों ने किया प्रदर्शन
- देवरिया में अधिवक्ता का निर्माण ढहाया
- अधिवक्ता सिंहासन गिरी की बाउंड्री की गई क्षतिग्रस्त
- जिला बार एसोशिएशन ने किया प्रदर्शन
- जिलाधिकारी को ज्ञापन देकर की कार्रवाई की मांग
बार एसोसिएशन देवरिया के पूर्व अध्यक्ष सिंहासन गिरी के जमीन पर कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की।सुबह जैसे ही इस घटना की जानकारी अधिवक्ताओं को हुई, अधिवक्ता आक्रोशित हो गए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अशोक कुमार दीक्षित के नेतृत्व में पदाधिकारियों की बैठक हुई और अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष के साथ ज्यादती के विरुद्ध दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की गई।
वकीलों ने कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन करने के बाद जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करने की मांग की।जिलाधिकारी ने अधिवक्ताओं का पत्रक लेने के बाद वकीलों को आश्वासन दिया कि इस मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सदर कोतवाल अनुज सिंह ने बताया, इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। दोषियों की गिरफ्तारी होगी।