भेडिहरवा टोला में काशीदास बाबा की पूजा में उमड़ा जवार
लार से पांडे एन डी देहाती की रिपोर्ट
बुधवार का दिन भेडिहरवा टोला के लिए एतिहासिक दिन रहा। यदु कुल के आराध्य बाबा काशी दास की पूजा के लिए भाजपा नेत्री व नगर पंचायत लार की अध्यक्ष श्रीमती सरोज देवी ने आयोजन रखा था। पूजा में बड़ी संख्या में काशीदास बाबा के अनुयायी उपस्थित हुए। गाजीपुर से आये पंथी सुरेन्द यादव ने अरणी मंथन कर अग्नि प्रकट की। एक कलश यात्रा भी निकली। पूजा के दौरान पंथी सुरेंद्र यादव के हैरतअंगेज कार्यों से लोगो ने दांतों तले उंगली दबा ली। खौलते दूध से स्नान, जलते अंगारों पर चलना, खौलती खीर हाथ से निकाल कर प्रसाद देना जैसे कार्य विज्ञान पर आस्था को भारी बना रहे थे।
सलेमपुर के सांसद रविंद्र कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष पंडित ग्रिश चंद, भाजपा नेता महेंद्र यादव, गायक सुनील स्नेही, गायिका नीलम सागर, बिरहा गायक रामनाथ यादव, महिला बिरहा गायक उजाला यादव, युवा बिरहा गायक देवलाल यादव के कार्यक्रम से आये लोगों का उत्साह बढ़ा।
सरोज यादव के पति भाजपा नेता जगदीश यादव व उनके पुत्र करन यादव पूजा में आये सभी लोगों का स्वागत करते व उन्हें उचित सम्मान देते रहे। क्षेत्र जवार से लगभग दस हजार से ऊपर तो केवल यादव लोग पहुंचे थे। चूंकि यह यदुवंशी कुल के आराध्य की पूजा थी इस लिए भी इस कार्यक्रम में पहुंचने में किसी प्रकार की दलीय निष्ठा आड़े नहीं आयी।
पत्रकारों ने भी लोक नृत्य फ़र्ररी, बिरहा, भजन का खूब लुत्फ उठाया। कुल मिलाकर सरोज यादव ने एक एतिहासिक आयोजन करके अपनी लोकप्रियता में चार चांद लगा दिए।