डीजल भरवा कर बिना पैसे दिए भाग रहा भावी डॉक्टर गिरफ़्तार
एम के निल्को, जयपुर | जयपुर जिले में निजी मेडिकल कॉलेज में मेडिकल की पढ़ाई कर रहे दिल्ली के एक छात्र ने चंदवाजी के पेट्रोल पम्प पर अपनी लक्जरी कार में 3900 रुपए का डीजल भरवाया। फिर पेट्रोलपंप कर्मचारी को क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने के बहाने मशीन लाने की बात कही और मौका देखते ही फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, दिल्ली का रहने वाला २४ वर्षीय जय सांगवान जयपुर-दिल्ली हाईवे पर एक निजी मेडिकल कॉलेज में MBBS का स्टूडेंट है। वह 19 अगस्त को शाम को राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 48 के चन्दवाजी स्थित इन्द्रा फिलिंग स्टेशन पर पहुंचा और वहां अपनी लक्जरी कार में 3900 का डीजल भरवाया तथा पेट्रोलपंप कर्मचारी को क्रेडिट कार्ड से पेमेंट करने के बहाने मशीन लाने की बात कही और मौका देखते ही फरार हो गया। पेट्रोल पम्प के मालिक द्वारा जब चंदवाजी थाने में रिपोर्ट दर्ज कराइ गई तब पुलिस ने सीसीटीवी के फुटेज के आधार पर पहले मेडिकल कॉलेज से पता किया और फिर वहीँ से आरोपी छात्र को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया है और उसकी कार भी जब्त कर ली है। आरोपी का पिता दिल्ली का बड़ा व्यवसायी बताया जा रहा है। थानाप्रभारी जितेंद्र गंगवानी के मुताबिक जय पहले भी शांतिभंग के मामले में पकड़ा जा चुका है।