देवरिया में रक्षाबंधन पर मिलावटी मिठाई की बिक्री तेज
त्योहार पर मिठाईयों के जरिए खुशियों को बांटा जाता है। मुंह मीठा किए बिना तो त्योहार ही अधूरा सा लगता है। लेकिन अगर आप इस रक्षाबंधन बाजार से मिठाई खरीदने वाले हैं, तो हो जाइए सावधान, क्योंकि यह मिठाई ले सकती है आपकी जान।
-
लार, सलेमपुर, भटनी, बरहज , गौरीबाजार आदि जगहों पर बड़े पैमाने पर मिलावटी मिठाई की बिक्री
-
खाद्य सुरक्षा टीम ने सात दुकानों के लिए नमूने
देवरिया| जिले में मिठाई के नाम पर जहर बिक रहा। लार, सलेमपुर, भटनी, बरहज और गौरीबाजार में बड़े पैमाने पर मिलावटी मिठाई बिक रही है। रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए दुकानदारों ने काफी मात्रा में मिलावटी मिठाई बना कर दुकानें सजा ली हैं। हालांकि मंगलवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने दूषित व खाद्य पदार्थों में मिलावट की रोकथाम के लिए जिले में सघन अभियान चलाकर सात नमूने लिया। इस दौरान दुकानदारों मे खलबली मची रही। ज्यादातर दुकानदारों को सेमपुलिंग की जानकारी पहले ही हो चुकी थी जिससे उनकी दुकानों के शटर गिर गए थे। विभागीय मिलीभगत से चल रहे मिठाई के गोरखधंधे में इंस्पेक्टरों की कमाई बढ़ रही है। खाद्य सुरक्षा टीम ने बेरिया घाट देवरिया में मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का नमूना, परसा जंगल उसरा बाजार मिष्ठान भंडार से छेने की मिठाई का नमूना, मिष्ठान भंडार से छेने की मिठाई का नमूना, नाथ बाबा चौराहा रुद्रपुर स्थित मिष्ठान भंडार से छेने की मिठाई का नमूना एकत्रित किया गया। शहर में स्वीट हाउस से छेने की मिठाई का नमूना, मिठाई दुकान से बेसन का नमूना, कोतवाली रोड स्थित मिष्ठान भंडार से बर्फी का नमूना एकत्रित कर जांच के लिए भेजा गया। खुखुंदू एवं भरथुआ चौराहे पर खाद्य पदार्थ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर उनके यहां गंदगी देख नोटिस जारी किया गया तथा मिष्ठान भंडार, खुखुंदू में दूषित खाद्य पदार्थ मिले, 40 किग्रा रसगुल्ले को नष्ट कराया गया एवं भरथूआ चौराहे पर पप्पू तथा सुभाष की दुकान से रंगीन लड्डू कुल 10 किग्रा नष्ट कराया गया। टीम ने विक्रेताओं को चेतावनी दी कि रक्षाबंधन त्योहार पर केवल शुद्ध एवं सुरक्षित मिठाइयां ही विक्रय करें, अन्यथा सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी शिवेंद्र, संदीप कुमार श्रीवास्तव, रंजन श्रीवास्तव, डा. सुभेष कुमार, अजीत कुमार त्रिपाठी एवं मनीष मल्ल खाद्य सुरक्षा अधिकारी मौजूद रहे।
