एसपी को रास नहीं आई एसओ की ऐसी विदाई ,15 सस्पेंड
बस्ती। पुलिस का अपना प्रोटोकाल है। वर्दी में किस हिसाब से रहना है इसके भी नियम हैं। बस्ती जिले के गौर थाना प्रभारी शमशेर बहादुर सिंह के विदाई समारोह में डांस करना 15 पुलिसकर्मियों पर भारी पड़ गया। डांस के वीडियो वायरल होते ही आईजी ने एसपी को निर्देश दिया कि विदाई समारोह में सम्मलित पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई करें। एसपी ने इंस्पेक्टर सहित 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। सभी के खिलाफ गौर थाने में कोविड-19 प्रोटोकॉल उल्लंघन के आरोप में मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
बस्ती के गौर थाने पर बृहस्पतिवार को प्रमुख पद प्रत्याशियों के नामांकन के दौरान जमकर हंगामा हुआ था। पुलिस की मौजूदगी में कई बार मारपीट हुई। कुछ लोग ब्लॉक का गेट ढकेलकर ब्लॉक के अंदर घुस गए, जिसके बाद पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। बाद में डीएम और एसपी मौके पर पहुंचे। देर शाम एसपी आशीष श्रीवास्तव ने शांति व्यवस्था कायम न रख पाने के आरोप में प्रभारी निरीक्षक शमशेर बहादुर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया था।
इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर सिंह अपने स्टाफ और स्थानीय लोगों में काफी लोकप्रिय थे। लाइन हाजिर इंस्पेक्टर की स्थानीय लोगों और थाना स्टाफ ने शुक्रवार को विदाई समारोह आयोजित किया। विदाई में बैंड बाजे की धुनों पर लोग जमकर थिरके। पुलिसकर्मी सड़क पर जुलूस की शक्ल में नाचने लगे। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हो गया।
आईजी अनिल कुमार राय के निर्देश पर रात आठ बजे के करीब एसपी आशीष श्रीवास्तव ने पुलिस बल पर अमर्यादित व्यवहार करने के आरोप में कार्यवाही कर दी। एसपी ने इंस्पेक्टर शमशेर बहादुर सिंह, एसआई भीम सिंह, एसआई रिजवान अली, अजय सिंह, कांस्टेबल प्रमोद कुमार, कांस्टेबल मनोज यादव, कांस्टेबल ऋषिकेश सिंह, यशवंत यादव, रिक्रूट कांस्टेबल शुभम मिश्र, ऋषभ कुमार, सौरभ सिंह, सतीश यादव, कीर्ति सिंह, ज्योति सिंह और कम्प्यूटर ऑपरेटर आशुतोष धर द्विवेदी को निलंबित कर दिया है। इसके साथ ही डांस में शामिल अन्य लोगों की भी जांच के आदेश दिए गए हैं। इन सभी के खिलाफ कोविड प्रोटोकॉल तोड़ने पर गौर थाने में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। कुछ अन्य पुलिस कर्मियों पर भी कार्रवाई तय है।