ब्लाक प्रमुख नामांकन में प्रदेश में रही अराजकता, दूसरे ही दिन योगी ने लिया एक्शन

लखनऊ। सपा शासन में अराजकता होती थी तो प्रदेश के मुखिया मौन रहते थे।भाजपा शासन में अराजकता हुई तो योगी ने एक्शन लेने शुरू किए हैं। लखीमपुर की शर्मनाक घटना जिसमे एक महिला के वस्त्र खिंचे गए इस मामले को योगी ने गम्भीरता से लिया है। उन्होंने सीओ सहित कई पुलिसकर्मियों को सस्पेंड किया है। योगी ने भयमुक्त और भृष्टाचारमुक्त शासन को कायम रखने के लिए यह कार्रवाई की है।

प्रदेश में ब्लाॅक प्रमुख पद के नामांकन के दौरान गुरुवार को यूपी के कई जिलों में भाजपा और सपा के कार्यकर्ताओं में बवाल हुआ। यूपी के कन्नौज, इटावा, बांदा, फर्रुखाबाद, जालौन, हमीरपुर, उन्नाव आदि जगहों से हंगामे की खबर आती रही। लखीमपुर में तो एक महिला के वस्त्र तक उतारने के प्रयास हुए। सीतापुर जिले के थाना कमलापुर इलाके में नामांकन करने जा रही भाजपा से बागी उम्मीदवार को रोकने को लेकर हुए बवाल के दौरान हथगोले चले और कई राउंड फायरिंग भी हुई। उन्नाव जिले में नवाबगंज और असोहा में बवाल हो गया। कन्नौज जिले के ब्लॉक तालग्राम में सपा और भाजपा प्रत्याशियों के समर्थकों में नामांकन करने को लेकर हुए विवाद के बाद पथराव हो गया।फर्रुखाबाद में राजेपुर ब्लॉक प्रमुख के नामांकन करने आए भाजपा प्रत्याशी पल्लव सिंह सोमवंशी के काफिले को राजेपुर तिराहे पर बैरियर पर लगे पुलिसकर्मियों ने रोक लिया। बैरियर पर तैनात दरोगा से अभद्र भाषा का प्रयोग करते हुए भिड़ गए।


इटावा के चकरनगर में ब्लॉक प्रमुख के नामांकन के दौरान सपा प्रत्याशी सुनीता देवी के पति शिव किशोर यादव ने फायरिंग की। जिससे भाजपा प्रत्याशी राधा देवी के पति राकेश यादव घायल हो गए।बांदा के नरैनी ब्लॉक कार्यालय में नामांकन को आए सपा प्रत्याशी के समर्थकों को पुलिस ने रोक दिया। जिसके बाद यहां विवाद शुरू हो गया।एटा जिले के मारहरा ब्लॉक में नामांकन के दौरान गुरुवार दोपहर को बवाल हो गया। नामांकन पत्र जमा करने आई समाजवादी पार्टी (सपा) से प्रत्याशी गुड्डी देवी के हाथों से नामांकन पत्र छीन लिया गया। पुलिस ने अराजक तत्वों को रोकने की कोशिश की तो पुलिस पर लोगों ने पथराव कर दिया। पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घटना के बाद आधे घंटे तक ब्लॉक में अफरातफरी का माहौल बना रहा। जान बचाने के लिए अफसर और कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर छिप गए। मैनपुरी जिले के विकास खंड जागीर में नामांकन के दौरान भाजपा और सपा समर्थकों के बीच मारपीट हो गई। भाजपा समर्थकों ने सपा विधायक बृजेश कठेरिया की गाड़ी को घेर लिया। सपा नेता की एक गाड़ी का शीशा तोड़ दिया गया। बिजनौर के धामपुर में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. कुसुम रघुवंशी और उनके समर्थकों को सत्ता पक्ष के कार्यकर्ताओं ने ब्लॉक परिसर के बाहर रोक लिया। बताया गया कि निर्दलीय प्रत्याशी कुसुम व समर्थकों के साथ मारपीट की गई। इसके बाद पुलिस और क्षेत्राधिकारी ने सुरक्षा घेरे में लेकर उनका नामांकन कराया।आजमगढ़ जिले के पवई ब्लॉक पर भाजपाइयों ने जमकर तांडव मचाया। दो बजे तक सपा प्रत्याशी को नामांकन नहीं दाखिल करने दिया। इतना ही नहीं भाजपा विधायक अरूणकांत यादव ने स्वयं लाठी से सपा प्रत्याशी पर हमला कर दिया। जिससे उसका सिर फट गया। पुलिस ने लाठियां भांज कर भाजपाइयों को किसी तरह हटाया और सपा प्रत्याशी को अंदर पहुंचाया। संतकबीर नगर के बेलहर ब्लॉक में सपा के पूर्व मंत्री लक्ष्मी कांत उर्फ पप्पू निषाद के साथ प्रमुख प्रत्याशी रिकेश्वर राय जैसे ही गेट पर पहुंचे वैसे ही भाजपा कार्यकर्ताओं से भिड़ंत हो गई। इसी बीच पुलिस ने भी लाठियां भांजी।बड़ी मशक्कत के बाद प्रत्याशी रिकेश्वर राय पर्चा दाखिल करने अंदर जा सके।फतेहपुर जिले में तेलियानी ब्लॉक के नामांकन में भाजपाइयों ने सपा प्रत्याशी का नामांकन पत्र छीना। भाजपाइयों ने प्रस्तावक और समर्थकों को पुलिस के सामने पीटा। सपाइयों की गाड़ी के शीशे भी तोड़े। बस्ती के दुबौलिया में नामांकन के दौरान हुए बवाल के बाद बाद सपा नेता तालेवन यादव की पत्नी गीता देवी ने नामांकन किया।अयोध्या के पंचायत मया नामांकन के दौरान भिड़े भाजपा व सपा कार्यकर्ता। दोनों ही कार्यकर्ताओं के बीच खूब  लात-घूंसे चले। अंबेडरकनगर में टांडा ब्लॉक में भाजपा कार्यकर्ताओं ने पूर्व मंत्री लालजी वर्मा के हाथों से सुरजीत वर्मा का परचा छीन कर फाड़ दिया। पुलिस ने सबको खदेड़ दिया। उधर बहराइच के बलहा ब्लॉक में नामांकन के दौरान भाजपा और सपा कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए जिसमें कई चोटिल भी हो गए, पुलिस ने लाठियां भी भांजीं। सिद्धार्थनगर में पूर्व विधान सभा अध्यक्ष व सपा नेता माता प्रसाद पांडेय से धक्कामुकी हुई। कमोबेश समूचे प्रदेश में भाजपा और सपा कार्यकर्ताओं की झड़प की खबरें मीडिया में सुर्खियों में रहीं। लोग सपा के कथित गुंडाराज और भाजपा के भयमुक्त और भ्र्ष्टाचारमुक्त शासन में अंतर को तलाशने लगे। जैसे सपा के राज में पुलिस मूक दर्शक रहती थी जब सपाई गुंडई करते थे कुछ वैसे ही हालात गुरुवार को भी दिखे जब भाजपा के लोग ज्यादती करते रहे और पुलिस मूकदर्शक बनी रही।


एक दिन बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को लगा कि पानी सर से ऊपर जा रहा तो उन्होंने पुलिस पर एक्शन लेना शुरू किया।लखीमपुर खीरी के पसगवां ब्लॉक परिसर में नामांकन के दौरान गुरुवार को सपा समर्थित महिला प्रत्याशी रितु सिंह और उनकी प्रस्तावक से पुलिस के सामने बदसलूकी करने के मामले से सियासी भूचाल आ गया है। विपक्ष द्वारा इस मामले में घेरे जाने के बाद सीएम योगी ने कड़ा कदम उठाते हुए इलाके के सीओ और थाना इंचार्ज को सस्पेंड करने का आदेश दिया है। वहीं आज सुबह पुलिस ने इस मामले में भाजपा सांसद रेखा वर्मा के एक करीबी को गिरफ्तार किया ।

यह भी देखें  शिव बरात में झूमे श्रद्धालु

About Author

Leave a Reply

error: Content is protected !!