युवक को मारी गोली, मेडिकल कालेज रेफर
लार। मूल रूप से लार के चौमुखा निवासी और चनुकी मोड़ पर मिठाई की दुकान चलाने वाले नगर के प्रसिद्ध व्यवसायी सुशील मद्देशिया के बेटे और इलेक्ट्रॉनिक की दुकान चलाने वाले अमित मद्देशिया को बदमाशों ने गुरुवार की देर शाम गोली मार दी। वह बाइक से रात को मेहरौना की तरफ गए थे। लौटते समय बाइक सवार बदमाशों ने ओवरटेक किया और उन्हें गोली मार दी। गोली पेट पर लगने के बाद वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर गए। लोगों के सहयोग से अस्पताल पहुंचाया गया। सीएचसी लार पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल भेजा गया। वहाँ से मेडिकल कालेज गोरखपुर भेज दिए गए।घटना को लेकर क्षेत्रवासियों में भय व आक्रोश है। जहाँ गोली मारी गयी है उसके आसपास कई गोली चलने की घटनाएं हो चुकी है ।
एक माह में तीन गोली कांड पुलिस के लिए चुनौती बनी है। लार थाना क्षेत्र के सुतावर और मेहरौना के बीच तीन-चार गोली की घटनाएं हुईं। ताज्जुब यह भी कि पुलिस ने किसी मामले में कठोर कार्रवाई नहीं की।
सूत्र बताते है कि मेहरौना से सुतावर के बीच ढाबों पर शराब और मीट का दौर देर रात तक चलता है। क्षेत्र के मनबढ़ वहाँ जुटते हैं। सुतावर से उकीना के बीच तो छोटी छोटी बातों पर मनबढ़ तमंचे निकाल लेते हैं।लार के चुरिया और खेमादेई के युवकों को गोली लगने के बाद भी पुलिस ने न तो सुतावर में पिकेट की व्यवस्था की और न मेहरौना चौकी के स्टाफ ने गोलीकांडों के पर्दाफास का ही प्रयास किया। जो भी गोलीकांड हुए हैं, सभी मे बाइक सवार बदमाशों ने ही गोली चलाई है।
दो वर्ष से देवरिया में अपने अच्छे कार्यों और अपराध पर अंकुश लगाने वाले पुलिस अधीक्षक डॉ श्रीपति मिश्र को चाहिए कि लार क्षेत्र में पिछले दो माह में हुई सभी घटनाओं की समीक्षा करें।