फौजी का शव लेकर देवरिया आ रही एंबुलेंस दुर्घटनाग्रस्त, चार की मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, रुद्रपुर में मचा कोहराम
सुल्तानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर रविवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। चंडीगढ़ से फौजी सत्यवान सिंह का शव लेकर देवरिया आ रही एंबुलेंस को हलियापुर थाना क्षेत्र के जराई कला गांव के समीप अज्ञात वाहन ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में एंबुलेंस चालक जसपाल समेत चार लोगों की मौत हो गई।
मृतकों की पहचान नगर पंचायत रुद्रपुर के राजन चौधरी, गौरव सिंह पुत्र सत्यवान सिंह, रामसमुझ सिंह और एंबुलेंस चालक जसपाल के रूप में हुई है। हादसे की सूचना मिलते ही रुद्रपुर क्षेत्र में मातम पसर गया। मृतकों के घरों पर स्वजन की चीख-पुकार मच गई। जानकारी मिलते ही रिश्तेदारों और ग्रामीणों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया।
बताया जा रहा है कि रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र के गहिला दुधौला गांव निवासी फौजी सत्यवान सिंह किडनी की बीमारी से पीड़ित थे। उनका उपचार चंडीगढ़ में चल रहा था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद स्वजन एंबुलेंस से उनका शव लेकर देवरिया लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा हो गया।
एक ही घटना में फौजी के शव को लेकर लौट रहे लोगों की मौत की खबर ने परिवार की पीड़ा और बढ़ा दी। हादसे की जानकारी मिलने के बाद गांव में शोक का माहौल है। घरों के दरवाजे पर ग्रामीणों और रिश्तेदारों की भीड़ जुटने लगी है।
हादसे की सूचना पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।